Shaju Phillip

केरल में पुलिस ने शनिवार को एक 47 वर्षीय महिला को उसके पति, सास-ससुर और परिवार के अन्य तीन सदस्यों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक महिला ने इन हत्याओं को अंजाम 14 सालों के दौरान भोजन में साइनाइड देकर दिया। इन हत्याओं में शामिल महिला के दो कथित साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। कोझीकोड जिले के एसपी केजी साइमन ने मीडियाकर्मियों को बताया कि कूडाथई गांव की जॉली जोसेफ ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और बताया कि उसी ने परिवार के सभी 6 सदस्यों की हत्या की है। हालांकि, जॉली की गिरफ्तारी उसके 40 वर्षीय उसके पति रॉय थॉमस की हत्या के मामले में हुई है, जिसमें पुलिस को 2011 में शव परीक्षण के दौरान वैज्ञानिक सबूत मिले थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में थॉमस के शरीर में साइनाइड की मौजूदगी का पता चला था। केस की जांच को देख रहे एसपी केजी साइमन ने बताया, “हमने पाया कि परिवार के पांच अन्य लोग एक ही परिस्थिति में मारे गए थे। इन सभी स्थितियों में हमारा ध्यान जॉली की तरफ गया। उसने हत्या करने की बात कबूल ली है।” गौरतलब है कि 2002 और 2016 के बीच ये सारी रहस्यमय मौतें हुई थीं। मगर, परिवार के ही दूसरे सदस्य और अमेरिका में रहने वाले थॉमस के दूसरे भाई को इन हत्याओं को लेकर शक था, उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो महीने पहले मामले की पड़ताल शुरू की थी।

https://www.youtube.com/watch?v=alVpwt5wmEY

कूडाथाई गाँव के पोन्नम्तमम परिवार में पहली मौत 57 वर्ष की एक सेवानिवृत्त शिक्षिका, 57 वर्षीया अन्नामा थॉमस की हुई थी। वह सूप का सेवन करने के बाद गिर गईं और अस्पताल में भर्ती होने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। छह साल बाद, 2008 में 66 वर्षीय, अनाममा के पति टॉम थॉमस भी खाने के बाद गिर गए। उस दौरान दोनों मौतों को कार्डियक अरेस्ट माना गया था।

उनकी मृत्यु के बाद बेटे थॉमस रॉय ने भी खाने के तुरंत बाद उल्टी शुरू कर दी थी। उन्हें अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। उस वक्त रॉय के मामा 68 वर्षीय एम मैथ्यू ने शव परीक्षण (Autopsy) पर काफी जोर दिया। जिसके बाद जांच में रॉय के शरीर में साइनाइड मिलने की पुष्टि हुई। लेकिन, इसके बाद परिवार में अगली मौत मैथ्यू की ही हुई। 2014 में जॉली (आरोपी महिला) मैथ्यू के घर के पास ही रहती थी। उसने अचानक शोर मचाया कि मैथ्यू मुर्छित होकर अपने घर में गिर गए हैं। जब यह घटना हुई तब मैथ्यू की पत्नी घर से बाहर थी। उसे जैसे ही उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

इस घटना के ठीक तीन महीने बाद उसी साल टॉम थॉमस के भतीजे की एक वर्षीय बेटी अल्फिन, नाश्ता करने के बाद कोमा में चली गई और उसकी अस्पताल में मौत हो गई। छठी मौत अल्फिन की मां सिल्ली की थी। 2016 की शुरुआत में जॉली की उपस्थिति में ही सिल्ली ने भी दम तोड़ दिया।

इस घटना के बाद सिल्ली के पति शजू से जॉली (जो 2011 में पति रॉय थॉमस की मौत के बाद विधवा हो गई थी) ने शादी कर ली। शजू एक स्कूल में अध्यापक हैं। एसपी के मुताबिक उन्होंने मामले की परत रॉय थॉमस की मौत से खोलनी शुरू की। रॉय की डेड बॉडी में साइनाइड की मौजूदगी की बात सामने आई थी। उन्होंने कहा, “हमने देखा था कि उस समय (2011 में) इस बात की जांच ही नहीं की गई कि आखिर साइनाइड शरीर में कैसे गया।” अधिकारी ने कहा कि इस बीच जॉली ने सभी को बताया था कि वह एनआईटी कॉलीकट में लेक्चरर थी। उसने अपने पति की मौत का कारण सभी को कार्डियक अरेस्ट बताया था। सभी मौतों के पीछे जॉली का मकसद छिपा था।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक जॉली की सास अनम्मा के पास परिवार पर आर्थिक नियंत्रण था। जॉली अनम्मा को हटाकर वित्तीय मामलों पर खुद नियंत्रण रखना चाहती थी। अन्नम्मा के पति और जॉली के ससुर टॉम ने रॉय और जॉली को पारिवारिक संपत्ति का एक हिस्सा दिया था, लेकिन जॉली को और अधिक चाहिए था। एसपी ने बताया कि उसने मामा मैथ्यू को इसलिए मार डाला क्योंकि, वह शव परीक्षण पर जोर दे रहे थे। अल्फाइन और सिल्ली को इसलिए मार दिया, क्योंकि वह शजू से शादी करना चाहती थी। पुलिस ने इस मामले में जॉली के दो साथियों को गिरफ्तार किया है, जिनके जरिए उसे साइनाइड मिला था।