कोरोना के संकट से गुजर रही दुनिया अभी भी प्रकृति के साथ खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहा है। केरल के मलप्पुरम में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई हैं जहां कुछ शरारती तत्वों ने एक गर्भवती हथिनी को पटाखों भरा अनानास खिलाया जिसके बाद हाथिनी की मौत हो गई। मौत से पहले यह हथिनी 20 दिनों तक दर्द से कराहती घूमती रही। हथिनी का मुंह बुरी तरह से जख्मी हो गया था।

उत्तरी केरल के मलप्पुरम जिले में एक वन अधिकारी द्वारा सोशल मीडिया पर हथिनी की भयानक मौत का विवरण सुनाए जाने के बाद यह घटना सामने आई। घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में रोष है। पुलिस ने अब अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली है।

बताया जा रहा है कि यह हथिनी भूख थी और खाने के तलाश में जंगल से सटे गांव में पहुंच गई। जहां कुछ लोगों ने इस खाने के अनानास दिया जिसमें पटाखे भरे हुए थे। पटाखे फटने के बाद हथिनी बुरी तरह से सहम गई और घायल अवस्था में ही इधर उधर भटकती रही। दर्द के बावजूद उसने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया। दर्द से कराह रही हथिनी अंत में वेलिन्यार नदी में जाकर खड़ी हो गई। उसने अपने मुंह में पानी भर रखा था जिससे की शायद उसे थोड़ा आराम मिला हो। भूख की मार और इंसानी क्रुरता ने अंत में हथिनी को मौत के मुंह में ढकेल दिया। 27 मई को शाम चार बजे के आस पास उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की पड़ताल कर रही है। वन अधिकारी ने बताया कि हथिनी को पानी से निकालने के लिए दो हाथियों को भी ले जाया गया था लेकिन घायल हथिनी ने किसी को अपने पास नहीं आने दिया। हथिनी की मौत के बाद उसे अंतिम विदाई दी गई।