आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद कश्मीर में भड़की हिंसा शांत होने का नाम नहीं ले रही है। अब प्रदर्शनकारियों ने एयरबेस को अपना निशाना बनाते हुए पथराव किया है। इससे पहले मिली जानकारी के मुताबिक वहां अब तक 21 लोग मारे जा चुके हैं और 200 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के थानों से हथियार लूटने और सरकारी बिल्डिंग्स को जलाने का भी आरोप है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने मिलकर एक पुलिस जीप को नदी में फेंक दिया था। इसमें एक पुलिसवाले की मौत हो गई थी।
मामले को शांत ना होते देख गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से बात की। फोन पर हुई बातचीत में राजनाथ सिंह ने केंद्र की तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। वहीं इस मामले पर केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने अलगाववादियों पर निशाना साधा है। नायडू ने कहा, ‘मुझे यह बात जानकर हैरानी होती है कि कुछ लोग आतंकियों को सपोर्ट कर रहे हैं। वह हिजबुल मुजाहिद्दीन का कमांडर था। कैसे कोई भारतीय उसके साथ सहानुभूति रख सकता है?’
Read Also: कश्मीरः मस्जिदों में लगे भारत विरोधी नारे, युवाओं से कहा- भारत के खिलाफ करो जिहाद
वहीं, स्थिति को काबू में करने के लिए महबूबा सरकार ने एक मीटिंग भी की थी। इसके साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की गई थी। इससे पहले राजनाथ सिंह ने ट्वीट करके इस हिंसा के प्रति दुख जताया था।
केंद्र की तरफ से CRPF की 12 कंपनी घाटी में भेजी गई हैं। उनका काम वहां पर किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोकना है। प्रदर्शन के चलते अमरनाथ यात्रा तीसरे दिन भी स्थगित रही।