लोकसभा चुनाव में कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के बेटे की हार पर राज्य सरकार में परिवहन मंत्री डी सी थमन्ना इतना गुस्सा आया कि उन्होंने सरेआम पब्लिक को हड़का दिया। मुख्यमंत्री के बेटे निखिल कुमारस्वामी ने मंडया सीट पर जेडीएस की टिकट पर चुनाव लड़ा था। लेकिन वह हार गए।
मंत्री का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह कुछ लोगों को हड़काते नजर आ रहे हैं। मंत्री शुक्रवार (7 जून 2019) को मादुर क्षेत्र में विकास कार्यों की आधारशिला रखने पहुंचे थे। लोगों ने उनसे कुछ सार्वजनिक काम करवाने का अनुरोध किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि आप यहां दिखावा करने आए हैं। क्या आपको शर्म नहीं आती? पहले भी मैं यहां काफी काम करा चुका हूं। क्या आपको वे याद हैं? अब आप मुझसे बात करने आ गए। आप लोगों की शर्म आनी चाहिए।’
मंत्री के इस बर्ताव पर निखिल को हराने वाली भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सुमनलता अंबरीश ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ‘थमन्ना को यह नहीं भूलना चाहिए की जनता ने ही उन्हें चुनकर भेजा है। आज वह जिस पद पर हैं सिर्फ जनता के वोटों की वजह से ही हैं।
जब सुमनलता से यह पूछा गया कि क्या थमन्ना द्वारा जनता के साथ की गई बदतमीजी के लिए वह उनसे इस्तीफा मांगेगी तो उन्होंने कहा कि इसका फैसला भी जनता ही करेगी।