कर्नाटक के बीजेपी एमएलए अभय पाटिल ने मंगलवार को अग्निहोत्र होम कराया। उसके बाद एक जुलूस निकाल कहा- इसके धुएं से कोरोना भाग जाएगा। बेलागवी सिटी में निकाले गए जुलूस की अगुवाई खुद पाटिल कर रहे थे। खास बात है कि कर्नाटक में लॉकडाउन प्रभावी है। एमएलए ने उसकी परवाह भी नहीं की।
बेलागवी की सड़क पर निकाले गए जुलूस में पाटिल के साथ और भी लोग शामिल थे। ये लोग एक हाथ गाड़ी पर गाय के गोबर के उपले, नीम की पत्तियां, धूप आग में डाल रहे थे। मंगलवार सुबह पुराने शहर की सड़कों पर हाथगाड़ी घूमती देखी गई। साउथ बेलगावी सीट से तीन बार के विधायक पाटिल ने कहा कि वो आयुर्वेद में विश्वास रखते हैं। उनका मानना है कि होम करने से खतरनाक कोरोना वायरस शहर से पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। उनका कहना था कि वो लोगों की सेहत को ठीक रखने के लिए सारी कवायद कर रहे हैं।
#Karnataka MLA and BJP leader Abhay Patil led an 'Agnihotra' procession in Belagavi on Tuesday, according to him the smoke emitted from the ‘homa’ fire would clear the air and eradicate #COVID19. @IndianExpress pic.twitter.com/lKrEUoAFO8
— Darshan Devaiah B P (@DarshanDevaiahB) May 25, 2021
बकौल पाटिल, उनके विधानसभा क्षेत्र में 50 लोगों ने अपने घर के सामने होम कराया। उन्होंने लॉकडाउन प्रोटोकॉल तोड़े जाने से साफ तौर पर इनकार किया। पाटिल का कहना था कि वो लोगों के लिए सारा कुछ कर रहे हैं। उन्होंने कोई नियम नहीं तोड़ा है। उनका कहना था कि ये प्रक्रिया 15 जून तक असेंबली क्षेत्र में जारी रहेगी।
बीजेपी नेता का कहना था कि होम कराना एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है। हिंदुओं के लिए होम एक विज्ञान है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आस्था पर सवाल खड़े करना सरासर गलत है। गौरतलब है कि देश के कई अन्य़ हिस्सों में बीजेपी नेता इसी तरह के अंध विश्वास को फैला रहे हैं। इसके लिए उनकी हर तरफ आलोतना भी हो रही है। हालांकि, अभी तक ऐसा प्रमाण सामने नहीं आया जिसमें अंध विश्वासों से कोरोना के केस में कोई कमी देखी गई हो।
बेलागवी की बात की जाए तो यहां पर सोमवार को 747 नए मामले सामने आए हैं। जबकि कोरोना से 17 लोगों की मौत हुई। अब तक जिले में 57,846 केस मिल चुके हैं। प्रशासन के मुताबिक जिले में अभी भी 17, 441 एक्टिव केस हैं।

