संसद हमले के दोषी अफजल गुरु की फांसी की बरसी के मौके पर जेएनयू में कार्यक्रम अायोजित करने के मामले में पुलिस ने जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी(जेएनयू) के छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को शुक्रवार (12 फरवरी) को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। दिल्ली के प्रेस क्लब में इसी तरह का कार्यक्रम आयोजित करने के मामले में पुलिस ने संसद पर हमले के आरोपी रहे दिल्ली यूनिवर्सिटी के पूर्व लेक्चरर एसएआर गिलानी के खिलाफ भी शुक्रवार को राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज किया। उधर, सीपीआई नेता डी. राजा शुक्रवार को जेएनयू कैंपस पहुंचे। उन्होंने छात्रों को संबोधित किया।
JNU campus row: CPI leader D Raja addressing JNU students in the campus pic.twitter.com/aKy4e7znBA
— ANI (@ANI_news) February 12, 2016
कन्हैया कुमार को राष्ट्रद्रोह और आपराधिक षड़यंत्र की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। यह मामला गुरुवार को वसंत कुंज (उत्तर) थाने में दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘कन्हैया कुमार को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।’ सूत्रों ने बताया कि सादे कपड़ों में गए दो पुलिसकर्मियों ने कन्हैया को पूछताछ के लिए बुलाया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
JNU campus row: ABVP workers protest march in Delhi. pic.twitter.com/AQbMHzTpI3 — ANI (@ANI_news) February 12, 2016
मंगलवार को हुए कार्यक्रम के दौरान अफजल गुरु, कश्मीर की आजादी और पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी भी हुई थी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। इस मामले में विश्वविद्यालय ने भी जांच कमिटी बैठा दी है। कमिटी को दो दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया है। इस मामले के बारे में शुक्रवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह और एचआरडी मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि देश विरोधी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजनाथ ने कहा,’देश की एकता और अखंडता को चुनौती देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। देश में अगर कोई भारत विरोधी नारे लगाता है तो उसे माफ नहीं किया जाएगा।’ वहीं स्मृति ईरानी ने कहा,’भारत मां का अपमान यह देश कभी सहन नहीं कर सकता।’
JNU campus row: ABVP workers protest in Delhi. pic.twitter.com/TpJISbD0mT — ANI (@ANI_news) February 12, 2016
इसी बीच जेएनयू छात्रसंघ उपाध्यक्ष ने सरकार पर बदला लेने का आरोप लगाया। उपाध्यक्ष ने कहा,’जिस तरह से उन्होंने रोहित वेमुला को निशाना बनाया उसी तरह से हमें निशाना बनाया जा रहा है। वे चाहते हैं कि हम भी रोहित की तरह फांसी लगा लें।’ जेएनयू प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, यूनिवर्सिटी देश और संविधान विरोधी गतिविधियों की निंदा करती है। हाई लेवल कमिटी का गठन किया गया है। रिपोर्ट आने पर कड़े कदम उठाए जाएंगे।