उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि जिसके साथ सारी उम्र साथ निभाने की कसमें खाईं वो उसके साथ ऐसा कृत्य कर सकती है। बात यहीं पर खत्म नहीं होती। जिसे उसने जन्म दिया और जिसके चेहरे में वो रोज अपना अक्स देखता था, वो भी इस इसमें शरीक होगा। झारखंड का ये वाकया झकझोर करने वाला है।
झारखंड के पलामू जिले से एक स्तब्ध करने वाली घटना सामने आई है। 65 वर्षीय भोला राम को बुधवार की सुबह सिगसिगी रेलवे केबिन के समीप पटरी से बंधा हुआ बरामद किया गया। उसके मुंह की भी सिलाई की गई थी। भोला राम पलामू जिले के भीतिहारा गांव के मंझलीघाट टोला का रहने वाला है उसने पुलिस को बताया कि वह रात में पेशाब करने के लिए उठा था। इसी बीच उसको कुछ लोगों ने पकड़ लिया।
भोला राम ने बताया कि उसकी दूसरी पत्नी सविता देवी ने पहली शादी से हुए बेटे व अन्य दो लोगों के साथ मिलकर मारपीट की। इसके बाद उसके मुंह को जबरन सिलकर रात करीब 11 बजे रेलवे पटरी पर रस्सी से उसके हाथ व पैर को बांध दिए। वो रात भर इसी हालत में पटरियों पर पड़ा अपनी मौत का इंतजार कर रहा था, लेकिन कहते हैं कि मारने वाले से बचाने वाला बड़ा होता है। उस ट्रैक से कोई ट्रेन नहीं गुजरी।
सुबह कोई व्यक्ति उसे देखता है तो वो गांव के और लोगों को सारा वाकया बताता है। लोग उसे पटरी से उठाकर एक तरफ लिटाते हैं। पुलिस को सूचना दी जाती है तो तत्काल जवान मौके पर पहुंचते हैं।
पत्नी और बेटे ने पहले मुंह की सिलाई की, फिर रस्सी से बांधकर रेलवे पटरी पर फेंका!
यहाँ पढ़ें पूरी खबर: https://t.co/QWMaxKYeVM#ATCard pic.twitter.com/5mJpyW3MkQ— AajTak (@aajtak) July 15, 2021
पुलिस उसे अस्पताल ले जाती है और उसके मुंह को खुलवाती है तो भोलाराम अपनी कहानी बयां कर पाता है। जो उसे सुनता है उसके रोंगटे खड़े हो जाते हैं। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है। अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। लेकिन चारों तरफ इस रोंगटे खड़े करने वाले कांड की चर्चा हो रही है।