झारखंड के धनबाद जिले के कतरास में शनिवार को दो समुदायों में झड़प हो गई। इसके बाद कतरास थाने के अंतर्गत आने वाले तीन इलाकों में धारा 144 लगा दी गई। बता दें कि एक ई-रिक्शा की बैटरी की चोरी को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प शुरू हुई। वहीं धनबाद के एसडीएम प्रेम कुमार तिवारी ने शनिवार को अगले आदेश तक कतरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कैलूडीह, छाताबाद और आकाश किनारी इलाके में धारा 144 लगा दी है।
झड़प में 15 घायल, 30 गिरफ्तार
पुलिस ने कहा कि शुक्रवार की झड़प में 15 से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि अब तक 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है। बाघमारा की पुलिस उपाधीक्षक (DSP) निशा मुर्मू ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। हालांकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिंसा को रोकने के लिए लाठीचार्ज का इस्तेमाल करने से इनकार किया।
ई-रिक्शा की बैटरी चोरी होने के कारण भड़की हिंसा
पुलिस ने बताया कि कैलुडीह निवासी जनार्दन यादव के ई-रिक्शा की बैटरी चोरी होने के कारण हिंसा भड़की। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर जनार्दन और उनके बेटे ने कतरास थाने में FIR दर्ज करायी है। पुलिस ने बताया कि धनबाद के कतरास के कैलुडीह खटाल में गुरुवार की रात जनार्दन यादव के ई-रिक्शा की बैट्री का चार्जर चोरी हो गया। इसका आरोप जनार्दन ने दूसरे समुदाय के लोगों पर लगाया, जिसके बाद सांप्रादायिक विवाद भड़क उठा।
दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद में कई लोगों को चोट लगी है। वहीं इस झड़प में पुलिस के जवान भी चोटिल हुए हैं। बताया जाता है कि दोनों ओर से पत्थरबाजी हुई, जिसमें कई ई रिक्शा और टेंपो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
वहीं शनिवार की रात रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित हरमू बाजार में बाइक से धक्का लगने के विवाद के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट हो गयी। बाइक से धक्का लगने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।