Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की झारखंड के सिसई और सिमडेगा में रविवार को होने वाली अपनी जनसभा रद्द की। पार्टी की तरफ से बताया गया कि अमित शाह ने अपनी व्यस्तता के कारण अपनी चुनावी सभाओं को रद्द किया है। बताया जा रहा कि पार्टी की स्थानीय इकाई की तरफ रैली की तैयारियां पूरी हो चुकी थी। रैली के रद्द होने की सूचना के बाद स्थानीय नेता और कार्यकर्ताओं में निराशा देखने को मिली। पार्टी ने सिसई से दिनेश उरांव को प्रत्याशी बनाया है जबकि सिमडेगा से श्रद्धानंद पार्टी के उम्मीदवार हैं। सिसई से भाजपा उम्मीदवार दिनेश उरांव का मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिगा मुंडा से है। उरांव झारखंड विधानसभा के स्पीकर हैं ऐसे में शाह की रैली को उरांव के लिए बड़ा महत्वपूर्ण माना जा रहा था।
अमित शाह सोमवार को फिर झारखंड में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। यहां वह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा के लिए श्री शाह चक्रधरपुर में जनसभा करेंगे। इसके अतिरिक्त वह पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में पार्टी उम्मीदवार का प्रचार करेंगे। यहां से पार्टी ने झामुमो से भाजपा में आये कुणाल षाड़ंगी को उम्मीदवार बनाया है। राज्य में 4 दिसंबर को यूपी के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा नेता मनोज तिवारी के भी झारखंड आने का कार्यक्रम है।
5 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झारखंड में कई चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। योगी आदित्यनाथ 5 दिसंबर को जमशेदपुर में दो स्थानों पर जनसभा को संबोधित करेंगे। मालूम हो कि इससे पहले अमित शाह ने चतरा और गढ़वा में कम भीड़ होने पर नाराजगी जताई थी। शाह ने कहा था कि 15-20 हजार की भीड़ से भाजपा विधायक नहीं बनेगा। उन्होंने कहा था कि एक-एक आदमी 50-50 लोगों को फोन करे और भाजपा को वोट देने की अपील करे।