Jayant Chaudhary RLD: केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय लोक दल (RLD) अब पश्चिम उत्तर प्रदेश से बाहर अपना विस्तार करने के लिए हाथ-पैर मार रही है। पार्टी की कोशिश अपना आधार बढ़ाने की है और इसके लिए पार्टी कई प्रदेशों में अपनी यूनिट खड़ी करने जा रही है। RLD का मुख्य फोकस हरियाणा और पंजाब पर है क्योंकि उसे उम्मीद है कि इन दोनों राज्यों में उसे पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की किसानों के बीच छवि का फायदा मिलेगा।

चौधरी चरण सिंह किसानों के बीच किसानों के मसीहा के रूप में जाने जाते थे। RLD ने पूर्व विधायक जगजीत सिंह सांगवान को हरियाणा का अध्यक्ष नियुक्त किया है और जल्द ही पंजाब के अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जाएगा।

RLD के महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी का कहना है कि पार्टी 2027 में पंजाब का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हम हरियाणा में भी चुनाव लड़ेंगे लेकिन गठबंधन का फैसला चुनाव से पहले ही किया जाएगा। त्यागी का कहना है कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, केरल और तेलंगाना में RLD की इकाइयों का गठन हो चुका है। RLD को हरियाणा और पंजाब में क्रमशः जाट और जट्ट सिख वोटों का सहारा मिलने की उम्मीद है।

 योगी सरकार ने सरकारी जमीन पर बनीं 20 मस्जिद-मदरसों को किया ध्वस्त

जब 1977 में केंद्र में जनता पार्टी की सरकार बनी थी तब चौधरी चरण सिंह और चौधरी देवीलाल का गठबंधन हरियाणा में असरदार साबित हुआ था। चरण सिंह प्रधानमंत्री बने थे जबकि देवीलाल हरियाणा के मुख्यमंत्री। हालांकि बाद में ये नेता अलग हो गए थे।

हरियाणा में RLD जींद, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, हिसार, सिरसा, सोनीपत, झज्जर और पानीपत के इलाकों में जड़ें जमाने की कोशिश करेगी। इन इलाकों में जाट मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है।

 सपा सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर हुआ हमला, करणी सेना के लोगों ने फेंके टायर

कांग्रेस और AAP नेताओं ने क्या कहा?

हरियाणा कांग्रेस के नेता और छह बार विधायक रहे संपत सिंह कहते हैं कि जयंत चौधरी को अगर राजनीति में प्रासंगिक बने रहना है तो उन्हें पश्चिम उत्तर प्रदेश पर ही ध्यान केंद्रित करना चाहिए। आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा कहते हैं कि कुछ राजनीतिक दल बीजेपी के इशारे पर नाच रहे हैं, ऐसे दलों की पंजाब और हरियाणा में कोई पहचान नहीं है।

यह भी पढ़ें- ‘मेरे पास माफी मांगने के लिए शब्द नहीं थे…’, पहलगाम हमले को लेकर बोले CM उमर अब्दुल्ला