भारतीय सेना द्वारा नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार कर पाकिस्तानी सेना के तीन सैनिकों को मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सेना ने शनिवार को सीज़फायर का उल्लंघन कर पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई गोलीबारी में मारे गए चार भारतीय जवानों की मौत का बदला लिया है। एएनआई के अनुसार इन्टेलिजेंस सूत्रों ने बताया है कि भारतीय सेना के जवानों ने नियंत्रण रेखा को पार किया और तीन पाकिस्तानी सेना के जवानों को मौत के घाट उतार दिया जबकि इस हमले में एक घायल हो गया। इससे पहले भारतीय जवानों ने जम्मू-कश्मीर के झांगर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास एक पाकिस्तानी स्नाइपर को ढेर किया था।

आपको बता दें कि 23 दिसंबर को जम्मू एंड कश्मीर के राजौरी जिले में पाकिस्तानी आर्मी ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए चार भारतीय सैनिकों की हत्या कर दी थी, जिनमें एक मेजर भी शामिल थे। मारे गए अधिकारी की पहचान 32 वर्षीय मेजर मोहार्कर प्रफुल्ला अम्बाडास के रूप में हुई थी। मेजर महाराष्ट्र के भांडरा जिले के रहने वाले थे।

इसके अलावा राज्य पुलिस के हाथ भी एक बहुत बड़ी कामयाबी लगी है। राज्य पुलिस ने आज सुबह यानि मंगलवार को पुलवामा में एक जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी को मार गिराया है। इस पर बात करते हुए कश्मीर के आईजीपी मुनीर खान ने बताया कि हमें जैश-ए-मोहम्मद के छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी, जो कि संगठन द्वारा किए गए हमलों का मास्टरमाइंड था। मारे गए आतंकी के पास से एके-56 और मैगजीन्स बरामद हुई हैं।