महंगाई को लेकर मोदी सरकार चौतरफा घिरी हुई है। तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस सीधे तौर पर पीएम मोदी को कठघरे में खड़ी कर रही है। इसी क्रम में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने पीएम मोदी के पुराने बयानों को लेकर निशाना साधा है।

श्रीनिवास बी वी ने मोदी पर तंज कसते हुए कहा है कि जब मोदी गुजरात के सीएम थे, तब महंगाई बढ़ने पर उन्हें गुस्सा आता था। अब महंगाई बढ़ने पर पीएम के मुंह से ‘म’ तक नहीं निकलता है। उन्होंने कहा- “अगर मैं कहूं इस हिन्दुस्तान में दो भारत बसता है तो किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए। एक भारत वो है जिसमें चुनाव के चलते 137 दिनों तक ना तो पेट्रोल के दाम बढ़े, ना तो डीजल के दाम बढ़े, ना एलपीजी के। दूसरा भारत वो है जिसमें चुनाव के बाद हर रोज गैस-डीजल-पट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं।

आगे उन्होंने कहा कि एक भारत वो था जिसमें गुजरात के सीएम रहते हुए दाम बढ़ने पर मोदी जी को गुस्सा आता था, दूसरा भारत वो है जब दाम बढ़ने पर मोदी जी के मुंह से महंगाई का ‘म’ तक नहीं निकलता है।

श्रीनिवास समेत तमाम कांग्रेस के नेता महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर रूख अपनाए हुए हैं। कांग्रेस नेता ने इससे पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर भी निशाना साधा था। उन्होंने मनमोहन सरकार के दौरान स्मृति ईरानी की प्रदर्शन करते हुए फोटो को भी शेयर किया था। जिसमें वो सिलेंडर लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।

वहीं कांग्रेस ने कहा है कि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीज़ल के दामों में 9 बार वृद्धि हो चुकी है। तेल की कीमतें 6.40 रुपये बढ़ाई जा चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी के बावजूद भी देश में तेल की कीमतें बढ़ रही हैं, जो जनता की समझ से परे है। जनता को लूटने का भाजपाई खेल हर हाल में बंद होना चाहिए।