भारतीय अंतरिक्ष एवं अनुसंधान संगठन (ISRO) के ऐतिहासिक 100वें मिशन के लिए 27 घंटे की उल्टी गिनती मंगलवार को शुरू हो गई। इस मिशन के तहत इसरो श्रीहरिकोटा के अंतरिक्ष केंद्र से जीएसएलवी रॉकेट के जरिए नेविगेशन उपग्रह का प्रक्षेपण करेगा। यह इसरो के अध्यक्ष वी नारायणन के नेतृत्व में पहला मिशन होगा। उन्होंने 13 जनवरी को पदभार संभाला था। 27.30 घंटे की उल्टी गिनती सोमवार देर रात 2 बजकर 53 मिनट पर शुरू हुई।
इसरो के GSLV-F15 का प्रक्षेपण कब और किस समय किया जाएगा?
GSLV-F15 को 29 जनवरी, 2025 को सुबह 6:23 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाना है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसका सीधा प्रसारण करेगा।
सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि स्वदेशी क्रायोजेनिक स्टेज के साथ जीएसएलवी अपनी 17वीं उड़ान में नेविगेशन सैटेलाइट NVS-02 को लेकर यहां दूसरे लॉन्च पैड से 29 जनवरी को सुबह 6 बजकर 23 मिनट पर उड़ान भरेगा। यह नेविगेशन सैटेलाइट ‘नेविगेशन विद इंडियन कांस्टेलेशन’ (NavIC) सीरीज की दूसरी सैटेलाइट है।
पढ़ें- देशभर के मौसम का हाल
क्या है NavIC?
NavIC सात उपग्रहों का एक संयोजन है, जिन्हें स्थिति डेटा प्रदान करने के उद्देश्य से एक साथ रखा गया है। इसका उद्देश्य भारतीय उपमहाद्वीप के साथ-साथ भारतीय भूभाग से लगभग 1,500 किलोमीटर आगे के क्षेत्रों में उपयोगकर्ताओं को सटीक स्थिति, गति और समय की जानकारी प्रदान करना है।
50.9 मीटर लंबा GSLV-F15, GSLV-F12 मिशन का अगला भाग है। GSLV-F12 ने लगभग दो साल पहले 29 मई, 2023 को नेविगेशन सैटेलाइट NVS-01 को सफलतापूर्वक स्थापित किया था, जो दूसरी पीढ़ी की सैटेलाइट सीरीज का पहला सैटेलाइट था। NVS-01/02/03/04/05 को नेविगेशन सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए बेस लेयर कंस्टीलेशन को और मजबूत बनाने के लिए तैयार किया गया है।
इसरो ने बताया, यू आर सैटेलाइट सेंटर द्वारा डिजाइन और विकसित एनवीएस-02 सैटेलाइट का वजन लगभग 2,250 किलोग्राम है। इसमें NVS-01 की तरह सी-बैंड में रेंजिंग पेलोड के अलावा L1, L5 और S बैंड में नेविगेशन पेलोड है। इस सैटेलाइट का उपयोग स्थलीय, हवाई और समुद्री नेविगेशन, सटीक कृषि, बेड़े प्रबंधन, मोबाइल उपकरणों में स्थान आधारित सेवाएं, उपग्रहों के लिए कक्षा निर्धारण, इंटरनेट-ऑफ-थिंग्स (IoT) आधारित अनुप्रयोग, आपातकालीन और समय सेवाओं के लिए किया जाएगा। पढ़ें-देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स