राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को इजरायल-हमास के बीच जारी संघर्ष पर बयान दिया है। संघ प्रमुख ने कहा कि हिंदू धर्म सभी धर्मों का सम्मान करता है और इसीलिए  भारत ने कभी भी इजरायल-हमास जैसे युद्ध नहीं देखे हैं। मोहन भागवत शनिवार को महाराष्ट्र के नागपुर में एक स्कूल कार्यक्रम में बोल रहे थे, जो मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के 350 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।

क्या बोले मोहन भागवत? 

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने रूस-यूक्रेन, इजरायल-हमास जैसे दुनिया के अन्य हिस्सों में संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने ऐसे मुद्दों पर कभी युद्ध नहीं देखा है। संघ प्रमुख ने कहा कि शिवाजी महाराज के समय का आक्रमण उसी प्रकार का था लेकिन हमने इस मुद्दे पर कभी किसी से लड़ाई नहीं लड़ी. इसीलिए हम हिंदू हैं।

उन्होंने कहा कि जब आप हिंदू कहते हैं, तो यह बताने की जरूरत नहीं होती कि मुसलमानों को भी सुरक्षा दी गई है, यह सिर्फ हिंदू ही करते हैं, केवल भारत में ऐसा होता है, दूसरे देशों में यह नहीं होता है। यह हिंदुओं का देश है। इसका मतलब यह नहीं है कि हम अन्य सभी (धर्मों) को अस्वीकार करते हैं। यहां जब आप हिंदू कहते हैं तो यह बताने की जरूरत नहीं होती कि मुसलमानों को भी सुरक्षा दी गई है। केवल हिंदू ही ऐसा करते हैं। केवल भारत ही ऐसा करता है। दूसरे देशों में ऐसा नहीं होता।

उन्होंने कहा कि सभी जगह संघर्ष हो रहे हैं। हमारे देश में ऐसे मुद्दों पर कभी युद्ध नहीं हुए। शिवाजी महाराज के समय में हुआ आक्रमण उसी प्रकार का था। लेकिन हमने इस मुद्दे पर कभी किसी से लड़ाई नहीं लड़ी। इसीलिए हम हिंदू हैं।