India Weather Condition: पूरे भारत में गर्म हवा चल रही है। लोगों का गर्मी से हाल बेहाल है। उत्तर भारत के चार शहरों में तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर, राजस्थान में चूरू और उत्तर प्रदेश के बांदा और इलाहाबाद में 48 डिग्री सेल्सियस और इससे अधिक तापमान मापा गया है। राजस्थान के चुरू में पिछले सप्ताह तापमान 2 बार 50 डिग्री सेल्सियस पार चुका है। यह यहां के इस साल के सामान्य तापमान से 8 डिग्री अधिक है। जून महीने में बांदा में भी तापमान 49.2 तक पहुंच गया। इलाहाबाद में 48.9, दिल्ली में 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

जब तापमान लगातार 2 दिन या उससे अधिक समय तक 45 डिग्री सेल्सियस पर बरकरार रहता है तो उसे ‘हीट-वेब’ कहते हैं। वहीं, तक तापमान 47 डिग्री पर पहुंच जाता है तो इसे ‘गंभीर’ माना जाता है। पिछले कई सालों से ‘हीट-वेब’ लगातार बढ़ता जा रहा है। वर्ष 2004 के बाद से लगातार 15 साल में से 11 साल काफी ज्यादा गर्म महसूस किया गया है। वर्ष 2018 में इस कदर गर्मी पड़ी थी कि 1901 के बाद यह छठा सबसे गर्म वर्ष था। इस साल भी गर्मी का कहर जारी है। मौसम की निगरानी करने वाली वेबसाइट एल डोराडो ने बताया कि पिछले सप्ताह दुनिया के 15 सबसे गर्म स्थानों में से 11 भारत में रहा।

इस मामले पर वैज्ञानिकों का कहना है कि यह जलवायु परिवर्तन का हिस्सा है, जिससे पूरी दुनिया प्रभावित हो रही है। पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने सुझाव दिया है कि भारत को हीट वेब से निपटने के लिए योजना बनानी चाहिए क्योंकि प्रत्येक वर्ष सैकड़ों लोगों की जान जा रही है। पिछले साल स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्द्धन ने बताया था कि वर्ष 2010 के बाद देश में हीट वेब की वजह से 6000 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। ताजा घटना केरल एक्सप्रेस का है, जिसमें गर्मी की वजह से चलती ट्रेन में झांसी के समीप चार लोगों की मौत हो गई। रेलवे के एक प्रवक्ता का कहना है कि संभावना जताई जा रही है कि मौत के पीछे की एक वजह गर्मी हो सकती है।