देश में नागरिकता पहचान पंजीकरण (SIR) को लेकर चल रहे राजनीतिक घमासान के बीच अक्सर अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा भी उठाया जाता है। संसद में पर्यटन मंत्रालय द्वारा प्रस्तुत आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि भारत में वैध पर्यटन वीजा लेकर भारत आने वाले विदेशी नागरिकों की सूची में बांग्लादेश दूसरे स्थान पर है।
साल 2024 के आंकड़ों की बात करें तो भारत आने वाले विदेशी नागरिकों में पहले स्थान पर संयुक्त राज्य अमेरिका के नागरिक हैं। इनकी संख्या 1804586 रही, जो कुल पर्यटक का 18.13 फीसद हैं। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्य सभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि साल 2024 में कुल 99.52 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए। साल 2020 में इनकी संख्या 27.45 लाख रही थी। कोरोना महामारी के बाद भारत में विदेशी पर्यटकों की संख्या पिछले पांच सालों में चार गुना से ज्यादा बढ़ गई है। साल 2024 इस अवधि का सबसे सक्रिय वर्ष रहा।
सबसे ज्यादा अमेरिका से भारत आए टूरिस्ट
साल 2024 में भारत आने वाले विदेशी नागरिकों में संयुक्त राज्य अमेरिका पहले स्थान पर रहा। यहां से 1,804,586 पर्यटकों का आगमन हुआ। बांग्लादेश दूसरे स्थान पर रहा। यहां से 17,50,165 पर्यटकों का आगमन हुआ और तीसरे स्थान पर यूनाइटेड किंगडम रहा जहां से 10,28,557 पर्यटकों का भारत आगमन हुआ। पांच वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि बांग्लादेश से आने वाले पर्यटक लगातार भारत आने में रुचि दिखा रहे हैं। वर्ष 2020 में जहां यह संख्या लगभग 5.49 लाख थी, वहीं 2024 तक यह संख्या बढ़कर 17.50 लाख तक पहुंच गई।
पढ़ें- बांग्लादेश में हो गया चुनाव की तारीखों का ऐलान
विदेशी पर्यटकों को कैसे आकर्षित कर रही सरकार
मंत्री ने बताया कि विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं। इनमें स्वदेश दर्शन, राष्ट्रीय तीर्थाटन कायाकल्प और आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान (प्रसाद), पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए देखो अपना देश, अंतरराष्ट्रीय सुरभि और भारत वर्ष प्रदर्शन जैसे अभियान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त ई-वीजा योजना के अंतर्गत भारत अब 171 देशों को नौ उप-श्रेणियों ई-टूरिस्ट, ई-बिजनेस, ई-चिकित्सा, ई-सम्मेलन, ई-चिकित्सा परिचर, ई-आयुष, ई-आयुष परिचर, ई-छात्र एवं ई-छात्र विस्तार में सुविधा प्रदान कर रहा है। इससे बांग्लादेश सहित अनेक पड़ोसी देशों के पर्यटकों के लिए भारत यात्रा पहले से अधिक सरल हो गई है।
मंत्री के अनुसार भारत आने वाले विदेशी पर्यटक केवल पारंपरिक धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं हैं बल्कि ग्रामीण पर्यटन, पाक पर्यटन, प्राकृतिक पर्यटन और चिकित्सा-पर्यटन में भी रुचि बढ़ रही है। इसका सीधा प्रभाव आगमन संख्या पर दिखाई देता है जिसमें पड़ोसी देशों के पर्यटकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
भारत में कानूनी ढंग से पर्यटन वीजा लेकर आने वाले बांग्लादेशियों की संख्या बढ़ी
मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में यह तथ्य उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश से आने वाले अवैध लोगों की चर्चा के बीच भारत में कानूनी ढंग से पर्यटन वीजा लेकर आने वाले बांग्लादेशियों की संख्या बहुत बढ़ी है। संसद में दिए गए आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि भारत-बांग्लादेश के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों के कारण पर्यटन आवागमन लगातार बढ़ रहा है।
एसआईआर पर चल रहे विवाद और अवैध घुसपैठ के आरोपों के बीच यह आंकड़े यह भी दर्शाते हैं कि क्षेत्रीय पड़ोसी देशों से आने वाले बड़े वर्ग के लोग भारत की सांस्कृतिक विविधता, पर्यटन स्थलों और चिकित्सा सुविधाओं से आकर्षित होकर वैध प्रक्रिया के माध्यम से यात्रा करते हैं।
