भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की ई-व्हीलचेयर सर्विस वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और अस्वस्थ्य व्यक्तियों को आने-जाने की सुविधा देती है। देश के कुछ चुनिंदा रेलवे स्टेशनों पर आईआरसीटीसी की ई-व्हील चेयर सर्विस ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर मुफ्त में उपलब्ध है। व्हील चेयर की बुकिंग भारतीय रेलवे की पर्यटन की वेबसाइट (irctctourism.com) से की जा सकती है। इस सेवा को लेने के लिए आपके पास कन्फर्म टिकट, आरएसी या आंशिक तौर पर वेटिंग रिजर्वेशन होना जरूरी है। अगर कोई यात्री कन्फर्म व्हील चेयर बुकिंग को रद्द करना चाहे तो उससे किसी तरह का चार्ज नहीं लिया जाता है। व्हील चेयर बुक करने के लिए irctctourism.com वेबसाइट पर जाएं, पीएनआर नंबर भरकर व्हील चेयर की उपलब्धता देखें, अगर वेबसाइट पर व्हील चेयर उपलब्ध दिखाई देती है तो जरूरी जानकारियां भरकर व्हील चेयर के लिए आवेदन करें। एक बार बुकिंग हो जाने पर आवेदनकर्ता वाउचर का प्रिंट आउट ले सकता है, जिसे व्हील चेयर लेते वक्त दिखाना पड़ता है।
यह सुविधा फिलहाल देश के 22 स्टेशनों पर दी जा रही है, जिनमें नई दिल्ली, आगरा केंट, अहमदाबाद जंक्शन, बैंगलोर सिटी जंक्शन, मुंबई सीएसटी, वड़ोदरा जंक्शन, लखनऊ जंक्शन और जयपुर जंक्शन के अलावा कुछ और स्टेशन शामिल हैं। व्हील चेयर किस जगह से ली जाएगी, इस बारे में भी वेबसाइट पर हर कलेक्शन सेंटर के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई गई है। व्हील चेयर कितनी देर पहले तक आरक्षित कर सकते हैं इसके लिए ट्रेन आने से कम से कम 4 घंटे से लेकर अधिकतम 72 घंटे तक का समय दिया गया है। बैंगलोर में 72 घंटे पहले इसे बुक किया जा सकता है वहीं नई दिल्ली, लखनऊ और जयपुर समेत कई स्टेशनों पर ट्रेन आने के 4 घंटे पहले तक इस सेवा के लिए आवेदन करना पड़ता है।
बता दें कि पिछले दिनों आईआरसीटी ने रेल टिकट बुक करने वाली अपनी वेबसाइट का कलेवर बदलने के साथ कुछ और आकर्षक सुविधाएं दीं, जैसे कि अब यात्री बिना लॉगिन किए ही वेबसाइट पर ट्रेन सर्च कर सकते हैं। इसे लॉगिन करने के बाद आप वेटिंग टिकट के कन्फर्म होने का प्रतिशत भी चेक कर सकते हैं।