भारतोय रेल ने उत्तर प्रदेश के चार रेलवे स्टेशन के नाम बादल दिये हैं। योगी सरकार ने पिछले साल इलाहाबाद शहर का नाम बदलकर प्रयागराज कर दिया था। इसी क्रम में अब इलाहाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन का भी नाम बदल प्रयागराज जंक्शन कर दिया गया है। इलाहाबाद के अलावा इलाहाबाद सिटी, इलाहाबाद छिवकी और प्रयागघाट स्टेशनों के नाम बदलने का भी नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।

आधिकारिक संचार के अनुसार, इलाहाबाद जंक्शन अब प्रयागराज जंक्शन होगा, इलाहाबाद शहर को अब प्रयागराज रामबाग के रूप में जाना जाएगा, इलाहाबाद छिवकी को बदलकर प्रयागराज छोकी कर दिया गया है और प्रयागघाट का नाम बदलकर प्रयागराज संगम कर दिया गया है। स्टेशनों के नाम केंद्र और राज्य सरकार द्वारा गुरुवार को बदले गए हैं।

नाम बदले जाने को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर लिखा “केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज जिले में इलाहाबाद जंक्शन, इलाहाबाद शहर, इलाहाबाद छिवकी और प्रयागघाट स्टेशनों के नाम प्रयागराज से शुरू करने का फैसला किया है। यह निर्णय प्राचीन शहर की पहचान को वापस लाएगा।”

बताते चलें कि जिले का नाम बदले जाने के बाद से स्टेशनों के नाम में कोई बदलाव नहीं किया गया था। इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने अक्टूबर 2018 में जिले और शहर का नाम इलाहाबाद से बदलकर प्रयागराज कर दिया था। इलाहाबाद का नाम बदलने के बाद नगर निगम, विकास प्राधिकरण समेत अन्य विभागों में भी नाम बदल दिए गए थे। लेकिन रेलवे स्टेशनों का नाम नहीं बदला गया था। अब स्टेशनों के नाम बदले जाने के बाद ‘इलाहाबाद’ नाम कागजी कार्रवाई से लगभग गायब हो जाएगा।

स्टेशनों के नाम बदलने को लेकर साल 2018 में जिले का नाम बदलने के बाद जिला प्रशासन ने शासन और रेल मंत्रालय को चिट्ठी भेजी थी। वहां से इस पत्र को गृह मंत्रालय को भेजा गया और गृह मंत्रालय द्वारा स्टेशनों के नाम बदलने की इजाजत मिलने के बाद यूपी सरकार को पत्र जारी किया गया है।