सोमालिया तट पर एक ‘एमवी लीला नॉरफॉक’ (MV LILA NORFOLK) नाम का जहाज हाईजैक हो गया है। जहाज कल हाईजैक हो गया था, जिसके बाद उस पर भारतीय सेना निगरानी रख रही है। सैन्य अधिकारी ने जानकारी दी कि भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस चेन्नई अपहरण की स्थिति से निपटने के लिए हाईजैक जहाज की ओर बढ़ रहा है।
सैन्य अधिकारी ने बताया कि भारतीय नौसेना अपहृत जहाज ‘एमवी लीला नॉरफॉक’ जहाज पर कड़ी निगरानी रख रही है जिसके बारे में कल शाम जानकारी मिली थी। सोमालिया के तट के पास अगवा किए गए लाइबेरिया के झंडे वाले जहाज पर चालक दल के 15 भारतीय सदस्य हैं। भारतीय नौसेना के विमान जहाज पर नजर रख रहे हैं और चालक दल के साथ कम्यूनिकेशन स्थापित किया गया है।
रेस्क्यू करने में जुटी इंडियन नेवी
भारतीय नौसेना ने अरब सागर में लाइबेरिया का झंडा लगे एक मालवाहक जहाज को रेस्क्यू करने में जुटी है। नौसेना ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपने एक सर्विलांस एयरक्राफ्ट और युद्धपोत को भेजा और लगातार जहाज की निगरानी की जा रही है।
लाइबेरिया के झंडे वाले जहाज ने यूकेएमटीओ पोर्टल पर एक मैसेज भेजा था जिसमें 4 जनवरी की शाम को लगभग 5-6 अज्ञात सशस्त्र कर्मियों के सवार होने का संकेत दिया गया था। इसके बाद इंडियन नेवी एक्शन में आ गई थी। नेवी ने बताया कि भारतीय नौसेना के विमान गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद नेवी ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए एक एमपीए लॉन्च किया। विदेशी जहाज की सहायता के लिए समुद्री सुरक्षा संचालन के लिए तैनात आईएनएस चेन्नई को डायवर्ट कर दिया गया। विमान ने आज सुबह जहाज के ऊपर से उड़ान भरी। इसके साथ ही चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जहाज के साथ संपर्क स्थापित किया।
आईएनएस चेन्नई मदद के लिए जहाज की ओर बढ़ रहा
इंडियन नेवी ने जानकारी दी, “नौसेना के विमान गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और आईएनएस चेन्नई सहायता प्रदान करने के लिए जहाज की ओर बढ़ रहा है। क्षेत्र में अन्य एजेंसियों/एमएनएफ के सहयोग से हालात पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। भारतीय नौसेना अंतरराष्ट्रीय साझेदारों और मित्रवत विदेशी देशों के साथ क्षेत्र में व्यापारिक शिपिंग की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”