व्यापारिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों के बीच भारतीय नौसेना ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब अरब सागर में सुरक्षा बढ़ाते हुए भारतीय नौसेना ने नेवल टास्क ग्रुप का गठन कर दिया है। बताया जा रहा है कि व्यापारिक जहारों की मदद के लिए इस ग्रुप का गठन किया गया है और अब यहीं संगठन तटरक्षक बल के साथ भी काम करने जा रहा है।

जानकारी के लिए बता दें कि इस समय अरब सागर में नौसेना ने अपनी सुरक्षा को मजबूत करने के लिए युद्धपोतआईएनएस मोर्मुगाओ, आईएनएस कोच्चि और आईएनएस कोलकाता को तैनात रखा हुआ है। नेवी के मुताबिक वाणिज्यिक जहाजों पर जिस तरह से हमले बढ़ गए हैं, उसे देखते हुए ये मिसाइल विध्वंसक तैनात किए गए हैं।

ड्रोन अटैक को लेकर सरकार चिंतित

वैसे हाल ही में जो ड्रोन अटैक हुआ था, उसे लेकर भारत सरकार भी चिंतित है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दो टूक कहा है कि जिस किसी ने भी यह हमला किया है, हम उन्हें समुद्र की गहराई से भी ढूंढ निकालेंगे और उनको उनकी सजा मिलेगी। पूरे भारतीय महासागर क्षेत्र में सुरक्षा के लिए भारत जिम्मेदार है।

राजनाथ सिंह ने इस बात पर भी जोर दिया कि मोदी सरकार अपने मित्र देशों के साथ काम करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि क्षेत्र में समुद्री व्यापार पूरी तरह से सुरक्षित रहे। अटैक की बात करें तो भारतीय नौसेना ने पुष्टि करते हुए बताया था कि एमवी चेम प्लूटो को ड्रोन हमले से निशाना बनाया गया था। यह हमला भारतीय समुद्री तट से करीब 400 किलोमीटर की दूरी पर हुआ था। इस हमले को ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा अंजाम दिया गया था।