अभी महाराष्ट्र के डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस के ‘औरंगजेब की औलादें’ वाले बयान पर बहस खत्म नहीं हुई थी कि उन्होंने एक और बयान ऐसा दिया है, जिसपर विवाद शुरू हो सकता है। देवेंद्र फडणवीस ने एकबार फिर से मुगल बादशाह औरंगजेब का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के मुसलमान मुगल बादशाह औरंगजेब के वंशज नही हैं। औरंगजेब और उसके वंश के लोग बाहर से आए थे।

देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के अकोल में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे राजा सिर्फ छत्रपति शिवाजी महाराज हैं। हमारे पास दूसरा राजा नहीं हो सकता। भारत में मुसलमान औरंगजेब के वंशज नहीं हैं। औरंगजेब और उसके वंशज बाहर से आए थे। इस देश का मुसलमान जिसके पास राष्ट्रीय विचार हैं, उसने औरंगजेब को कभी स्वीकार नहीं किया। वे केवल छत्रपति शिवाजी महाराज का सम्मान करते हैं।

देवेंद्र फडणवीस का यह बयान VBA अध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर की औरंगजेब मेमोरियल की यात्रा के बाद आया है। प्रकाश अंबेडकर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि औरंगजेब को गालियां देने के बजाय हमें इस बात पर विचार करना चाहिए कि उसने यहां शासन क्यों किया। क्या वजह थी… हमें अपने बीते हुए कल को लेकर सचेत रहना चाहिए। नफरत फैलाने के बजाय हमें तथ्यों पर विचार करना चाहिए।

फडणवीस ने कहा था- राज्य में पैदा हो गई हैं औरंगजेब की ‘औलादें’

बता दें कि पिछले हफ्ते महाराष्ट्र के कोल्हापुर में दंगे जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। तब देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ऐसी स्थिति इसलिए पैदा हुई क्योंकि समुदाय विशेष के लोग औरंगजेब का महिमा मंडन कर रहे थे। उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र में औरंगजेब की ‘औलादें’ पैदा हो गई हैं।

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस पोस्ट में टीपू सुल्तान और मुगल बादशाह औरंगजेब का जिक्र था। इस घटना के बाद दो हफ्तों में राज्य में कई FIR दर्ज की गईं। इन मामलों में औरंगजेब की तस्वीरें और वीडियो अपलोड करने के लिए बीड के एक 14 वर्षीय लड़के सहित राज्य भर में कई नाबालिगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।