इंडियन कोस्ट गार्ड ने समुद्र में एक बार फिर पाकिस्तान के गलत इरादों को नाकाम कर दिया है। रविवार को भारत के समुद्री एरिया में घुसकर भारत के मछुआरों को पकड़कर ले जा रहे पाकिस्तानी जहाज का पीछा कर इंडियन कोस्ट गार्ड ने सभी मछुआरों को छुड़ा लिया है।
न्यूज एजेंसी ANI को डिफेंस अधिकारियों ने बताया कि भारतीय समुद्री एरिया से पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी का जहाज पीएमएस नुसरत भारत के सात मछुआरों को अगवा कर ले जा रहा था। ये मछुआरे मछली पकड़ने वाली एक नाव ‘काल भैरव’ पर सवार थे।
अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही एरिया में इंडियन कोस्ट गार्ड के शिप ‘अग्रिम’ ने पाकिस्तानी जहाज का पीछा किया। करीब ढाई घंटे पीछा करने के बाद इंडियन कोस्ट गार्ड शिप से पाकिस्तानियों को क्लीयर मैसेज दे दिया गया कि वो किसी भी हालात में वो भारतीय मछुआरों को नहीं ले जाने देंगे। इसके बाद मछुआरों को पाकिस्तान जहाज से छुड़ा लिया गया।
कैसे शुरू हुआ ऑपरेशन?
ICG की प्रेस रिलीज में बताया गया है कि यह मामला रविवार का है, जब दोपहर को कोस्ट गार्ड को एक भारतीय बोट से डिस्ट्रेस सिग्नल प्राप्त हुआ। मछली पकड़ने वाली यह नाव नो फिशिंग जोन के पास ऑपरेट कर रही थी।
प्रेस रिलीज में कहा गया है कि दोपहर करीब 15.30 बजे मिली इस कॉल में बताया गया कि भारत की मछली पकड़ने वाली नाव ‘काल भैरव’ को पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी (PMSA) के जहाज ने इंटरसेप्ट किया है। इस नाव पर सवार सात भारतीय क्रू मेंबर्स को पाकिस्तानियों ने पकड़ लिया है।
इस कॉल के तुरंत बाद ICG एक्टिव हो गया और अपने शिप को भारत – पाकिस्तान समुद्री सीमा के पास भेजा। रिलीज में कह गया है कि पाकिस्तानी जहाज के वहां से हटने के बाद भी ICG शिप ने उसे रोक लिया और जहाज पर सवार कर्मियों को पकड़े गए सात भारतीय मछुआरों को छोड़ने के लिए राजी कर लिया।
इंडियन कोस्ट गार्ड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सभी सातों मछुआरे स्थिर हालत में हैं। घटना के दौरान भारत की नाव काल भैरव को नुकसान पहुंचा और वह डूब गई। सोमवार को ICG का जहाज ओखा बंदरगाह पहुंचा। यहां ICG, गुजरात पुलिस, खुफिया एजेंसियों और फिशरी डिपार्मेंट द्वारा संयुक्त जांच की गई।