भारतीय सुरक्षाबलों ने हाल ही में पाकिस्तानी घुसपैठ को फिर से नाकाम किया है। देश की सैन्य टुकड़ियों ने कुछ वक्त पहले एंटी-गाइडेड मिसाइलों और आर्टिलरी शेल्स के जरिए पाकिस्तानी सेना के ठिकानों को निशाना बनाया। ये ठिकाने जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा सेक्टर के विपरीत दिशा में थे।

देश के सुरक्षाबलों की ओर से यह ऐक्शन तब लिया गया, जब पाकिस्तान की तरफ से सीजफायर उल्लंघन किया गया था। साथ ही केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश की थी। गुरुवार को भारत की इसी कार्रवाई से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।

समाचार एजेंसी ANI ने 33 सेकेंड्स की क्लिप जारी की है, जिसमें पाकिस्तानी सेना के कुछ ठिकाने नजर आ रहे थे। अचानक से उन पर मिसाइलों से जोरदार हमला होता है और पल भर में उनके परखच्चे उड़ जाते हैं। मिसाइल हमले के बाद धमाके की आवाज भी आती है और धू-धू कर धुआं उठता भी नजर आता है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान आतंकियों के घुसपैठ के लिए लगातार सीज फायर उल्लंघन कर रहा है। भारतीय सीमा में घुसपैठ की फिराक के लिए तैयार हैं जिसके चलते सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। हाल ही में भारतीय सेना के शीर्ष अधिकारियों ने सीमा का दौरान किया था। उनके मुताबिक पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में फिर से आतंकवादियों के लॉन्चिंग पैड नजर आने लगे हैं।