गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अपने पड़ोसी देशों के साथ मित्रवत संबंध चाहता है, इसलिए वह पाकिस्तान की ओर पहले गोली नहीं दागेगा। राजनाथ ने शुक्रवार को यह बात सीमा वार्ता के लिए भारत आए पाकिस्तान के एक प्रतिनिधि मंडल से कही। यह प्रतिनिधि मंडल पाकिस्तान रेंजर्स के महानिदेशक (डीजी) मेजर जनरल उमर फारूक बुर्की के नेतृत्व में भारत आया है।
राजनाथ ने कहा, भारत अपने पड़ोसी देशों से मित्रवत संबंध चाहता है। सीमा पर पाकिस्तान की ओर पहली गोली भारत नहीं चलाएगा। उन्होंने कहा, यदि किसी कारण से गोलीबारी होती है, तो दूसरे पक्ष को रोशनी बम का इस्तेमाल कर, जवाबी कार्रवाई करने से पहले इसकी पुष्टि करनी चाहिए।
हालांकि, इसके जवाब में बुर्की ने गृह मंत्री से कहा कि वह उनकी तरह नेतृत्व का हिस्सा नहीं हैं। वह केवल एक बल के महानिदेशक हैं, इसलिए इस संबंध में कोई प्रतिबद्धता जाहिर नहीं कर सकते। बुर्की ने कहा कि वह सिंह का संदेश पाकिस्तानी नेतृत्व तक पहुंचा देंगे।
बुर्की ने कहा, भारत बहुत बड़ा और विशाल देश है। यह एक महान राष्ट्र है। पाकिस्तान भी सीमा पर शांति और भारत से सौहार्द भरा संबंध चाहता है।
राजनाथ ने प्रतिनिधिमंडल से कहा, यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि पाकिस्तान की ओर से कोई घुसपैठ नहीं हो। उन्होंेने कहा कि भारत और पाकिस्तान को आतंकवाद के खतरे के खिलाफ एकजुट होना चाहिए। भारत की तरह पाकिस्तान भी आतंकवाद से पीडि़त देश है।