भारत ने अरुणाचल प्रदेश में स्थानों का नाम बदलने के चीन के बेतुके प्रयासों को खारिज किया। भारत ने अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों के नाम बदलने की चीन की कोशिशों अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बुधवार को कहा कि इस तरह के बेतुके प्रयासों से यह सच्चाई नहीं बदलेगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि राज्य भारत का अभिन्न अंग था, है और रहेगा।’’

चीन दावा करता है कि अरुणाचल प्रदेश तिब्बत का दक्षिणी भाग है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘हमने देखा है कि चीन ने भारतीय राज्य अरुणाचल प्रदेश में स्थानों का नाम बदलने के व्यर्थ और बेतुके प्रयास किए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम इस तरह के प्रयासों को अपने सैद्धांतिक रुख के अनुरूप स्पष्ट रूप से अस्वीकार करते हैं।’’ जायसवाल ने इस मुद्दे पर मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए ये टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा, ‘‘रचनात्मक नाम रखने से यह निर्विवाद वास्तविकता नहीं बदलेगी कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग था, है और हमेशा रहेगा।’’

‘ग्लोबल टाइम्स’ और ‘TRT World’ का X अकाउंट बैन

इसके साथ ही चीन के ग्लोबल टाइम्स, सिन्हुआ के एक्स-अकाउंट हैंडल भारत में ब्लॉक किए गए। ग्लोबल टाइम्स और सिन्हुआ के एक्स अकाउंट से बुधवार को पता चला कि कानूनी अनुरोध के जवाब में भारत में इसे रोक दिया गया है। यह घटनाक्रम बीजिंग द्वारा अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों के लिए चीनी नामों की घोषणा करने के बाद हुआ है।

पढ़ें- क्या चीन ने सैन्य आपूर्ति से भरा कार्गो विमान पाकिस्तान भेजा?

पिछले साल अप्रैल में भी, जब बीजिंग ने अरुणाचल प्रदेश में 30 स्थानों के स्टैंडेराइज्ड नामों की लिस्ट जारी की थी, तब भारत ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। चीनी नागरिक मामलों के मंत्रालय ने 2017 में जांगनान में 6 स्थानों के नामों की पहली सूची जारी की, जबकि 2021 में 15 स्थानों की दूसरी सूची जारी की गई और उसके बाद 2023 में 11 स्थानों के नामों की एक और सूची जारी की गई।

चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश में स्थानों के नामों की नई सूची जारी करना दोनों देशों द्वारा पूर्वी लद्दाख सीमा गतिरोध से प्रभावित संबंधों को सामान्य करने के प्रयासों के बीच हुआ है। लगभग पांच साल के अंतराल के बाद, भारत और चीन ने पिछले महीने कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने का फैसला किया, इस कदम को संबंधों को सुधारने के प्रयास के रूप में देखा गया। पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स