नेपाली बॉर्डर की सुरक्षा में तैनात आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवानों ने शुक्रवार को बिहार के सीतामढ़ी स्थित बॉर्डर पॉइंट पर लोगों की भीड़ पर गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में एक भारतीय की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए हैं। नेपाल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों का कहना है कि यह एक स्थानीय विवाद था और इसका भारत और नेपाल के बीच जारी सीमा विवाद से कोई लेना-देना नहीं है।

बता दें कि भारत और नेपाल के बीच कालापानी, लिपुलेख और लिंपियाधुरा इलाके को लेकर विवाद है। नेपाली सदन में शनिवार को एक बिल पेश किया जाएगा, जिसमें नेपाल के नए नक्शे में कालापानी, लिपुलेख और लिंपियाधुरा इलाके को शामिल किया गया है।

बिहार पुलिस का कहना है कि गोलीबारी की घटना शुक्रवार सुबह 8.15 बजे हुई। यह घटना नेपाली सीमा में जानकी नगर स्थित पिलर नंबर 319/24 इलाके के पास हुई। सीतामढ़ी पुलिस के अनुसार, नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स ने स्थानीय महिलाओं के एक ग्रुप को बॉर्डर पॉइंट से दूर जाने को कहा था। इस पर वहां भीड़ इकट्ठा हो गई और नेपाल पुलिस ने रामलगन राय नामक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।

इससे स्थानीय लोग भड़क गए और वहां झड़प हो गई। इस दौरान नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवानों ने गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में विकेश राय नामक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई है। विकेश के पिता नागेश राय का कहना है कि हमारी नेपाल के नारायणपुर इलाके में कृषि की जमीन है। जब नेपाल पुलिस ने गोली चलायी उस वक्त मेरा बेटा विकेश अपने खेत में काम कर रहा था।

सीतामढ़ी के सोनबरसा इलाके के रहने वाले कई लोगों की जमीन नेपाल की सीमा में है। लोगों की नाराजगी है कि लॉकडाउन के चलते नेपाली सीमा के जवान उन्हें अपने खेतों पर नहीं जाने दे रहे हैं।

वहीं काठमांडू में नेपाल गृह मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि करीब 60 लोग सोनबरसा से नेपाल के सरलाही जिले की सीमा में घुस आए थे। जब जवानों ने उन्हें जांच के लिए रोका तो लोगों की भीड़ ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। सरलाही के मुख्य जिलाधिकारी मोहन जीसी ने बताया कि एक व्यक्ति ने तो एपीएप के जवान की राइफल छीनने की कोशिश की, जिसके बाद गोलीबारी की घटना घटी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और दो अन्य घायल हुए हैं। साथ ही तीन जवान भी घायल हुए हैं।

वहीं एसएसबी के डीजी कुमार राजेश चंद्रा ने बताया कि स्थानीय विवाद के कारण मामला बढ़ा है। उन्होंने प्रारंभिक निष्कर्षों के आधार पर एक रिपोर्ट बनाकर गृह मंत्रालय को सौंपी है।

उल्लेखनीय है कि भारत नेपाल सीमा पर गोलीबारी की घटना पांच साल पहले भी हुई थी, जब भारत ने नेपाल की सीमाएं सील कर दी थी। इसके बाद नेपाल पुलिस ने सीमा पर स्थित एक पुल को लोगों से खाली कराने के लिए गोलीबारी कर दी थी। इसमें बिहार के रक्सौल के निवासी 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी।

सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि यह एक स्थानीय विवाद है। इसका भारत नेपाल के बीच जारी सीमा विवाद से कोई ताल्लुक नहीं है। वहीं एसएसबी की 51वीं बटालियन के कमांडेंट नवीन कुमार का कहन है कि हमें लगता है कि नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स स्थिति को बेहतर तरीके से हैंडल कर सकती थी। हम इस बारे में उनसे बात कर रहे हैं। यह सही है कि लॉकडाउन के चलते दोनों तरफ के लोग अपने अपने खेतों पर नहीं जा पा रहे हैं।