प्रधानमंत्री की जम्मू यात्रा से पहले पाकिस्तानी रेंजर्स ने बुधवार को जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में मोर्टार दागे। इसमें एक महिला की मौत हो गई और बीएसएफ के एक जवान सहित चार लोग घायल हो गए। पाकिस्तान ने इस महीने आठवीं बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। उप सेना प्रमुख फिलिप कांपोस ने आज जम्मू का दौरा किया और भारत-पाकिस्तान सीमा के पास सुरक्षा हालात की समीक्षा की। उधर इस्लामाबाद में भारत ने पाकिस्तान के समक्ष नियंत्रण रेखा पर ‘बड़ा संघर्षविराम उल्लंघन’ किए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वह इस ताजा घटनाक्रम से ‘निराश’ है।
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने सुबह करीब पौने नौ बजे जम्मू जिले के कनाचक सेक्टर स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बनी सीमा चौकी पर गोलियां चलाईं। इसमें एक जवान घायल हो गया। जब साथी जवानों ने घायल जवान को एक वाहन से वहां से निकालने की कोशिश की तो पाकिस्तानी रेंजर्स ने उन पर भारी गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई करते हुए बीएसएफ के जवानों ने भी गोलियां चलाईं। घायल जवान अंजली कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने नौ बज कर 10 मिनट पर छोटे हथियारों से गोलीबारी करके और मोर्टार दागकर सीमाई इलाकों को भी निशाना बनाया। इन इलाकों में भालवाल भार्थ, मालाबेला, सिदेरवान इलाके और सीमावर्ती चौकियां शामिल थीं। उन्होंने कहा कि तीन मोर्टार अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कनाचक सेक्टर के काफी अंदर आकर गिरे। उन्होंने बताया कि ये हमले पाकिस्तान की 21 चेनाब रेंजर्स ने आजम, पीर गराना, मेलाबेला इलाकों से किए। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मोर्टार से पोली देवी (42) नामक महिला की मौत हो गई, जबकि रमेश कुमार (24) और ऊधा देवी (38) घायल हो गए।
इस बीच उप सेना प्रमुख फिलिप कांपोस ने बुधवार को जम्मू का दौरा किया और भारत-पाकिस्तान सीमा के पास सुरक्षा हालात की समीक्षा की। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल कांपोस ने सुबह क्रॉस्ड स्वोर्ड्स डिवीजन का दौरा किया और अधिकारियों और कर्मियों से बातचीत की। प्रवक्ता ने बताया कि दौरे के दौरान उप प्रमुख को मेजर जनरल कुलप्रीत सिंह ने अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पास सुरक्षा पहलुओं से अवगत कराया।
इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायुक्त टीसीए राघवन ने कहा-‘आज सुबह के घटनाक्रम से हम निराश हैं। अखनूर सेक्टर में पाकिस्तानी फौजों द्वारा बड़ा संघर्षविराम उल्लंघन किया गया जिससे भारतीय पक्ष में लोग हताहत हुए हैं। मैंने सुबह पाक के विदेश सचिव से बात की और दोपहर को भी। संघर्षविराम उल्लंघन की वजह से अखनूर में एक महिला की मौत हो गई।’ राघवन ने इस्लामाबाद में एक स्थानीय होटल में इफ्तार पार्टी आयोजित की थी, जिसके बाद वे संवाददाताओं से बात कर रहे थे। इफ्तार पार्टी में कई राजनीतिकों, कारोबारी समुदाय के सदस्यों, राजनयिकों, धार्मिक हस्तियों और मीडिया से जुड़े लोगों को बुलाया गया था। उन्होंने संकेत दिया कि आज की घटना के बारे में सभी तथ्यों का पता चलने के बाद पाकिस्तान के समक्ष औपचारिक विरोध दर्ज कराया जाएगा।
उधर, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने एक पूर्व पुलिस अधिकारी की गोली मार कर हत्या कर दी। पिछले 12 घंटे में इलाके में आतंकवादियों का नागरिकों पर यह दूसरा हमला है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक बशीर अहमद डार को मंगलवार रात यहां से 70 किलोमीटर दूर आशमुजी में उनके घर के पास गोली मार दी गई। डार को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
आतंकवादियों ने उत्तर कश्मीर के बारामुला जिले में एक निजी सेलुलर कंपनी के मोबाइल टावर को भी उड़ाने की नाकाम कोशिश की। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर से 30 किलोमीटर दूर पट्टन इलाके के निहालपुरा में गुलाम हसन बट की जमीन में बना एक मोबाइल टावर पर दो हथगोले फेंके गए। हालांकि दोनों हथगोले फटे नहीं। बाद में बम निरोधक दस्ते ने उन्हें बेकार कर दिया। सुरक्षा बलों की मदद से पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए अभियान छेड़ दिया है। इससे पहले मई और जून में भी लश्कर-ए-इस्लाम ने मोबाइल टावरों को निशाना बनाया था।