भारत इस साल अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। ऐसे में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा इस बार भारतीय तिरंगे से सजी होगी। दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास के अनुसार, 15 अगस्त को स्थानीय समयानुसार शाम 7.50 बजे बुर्ज खलीफा को तिरंगे से रोशन किया जाएगा। गल्फ न्यूज की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की आजादी के 79 साल पूरे होने के अवसर पर यूएई के अन्य प्रमुख स्थलों को भी भारतीय तिरंगे से रोशन किए जाने की उम्मीद है।

इस बीच, गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए, संयुक्त अरब अमीरात स्थित भारतीय राजनयिक मिशनों ने 15 अगस्त को ध्वजारोहण समारोह पहले ही तय कर दिया है। दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में ध्वजारोहण सुबह 6.30 बजे होगा, जबकि अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास में यह कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 7.15 बजे होगा। अबू धाबी में राजदूत संजय सुधीर भारतीय ध्वज फहराएंगे और महावाणिज्य दूत सतीश कुमार सिवन स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दुबई में समारोह का नेतृत्व करेंगे।

UAE में भारतीय समुदाय मनाता है आजादी का जश्न

UAE में प्रवासी आबादी का सबसे बड़ा समूह भारतीय हैं। संयुक्त अरब अमीरात में लगभग 43 लाख भारतीय नागरिक रहते हैं, जो देश की आबादी का लगभग 35 प्रतिशत है। स्वतंत्रता दिवस से पहले, संयुक्त अरब अमीरात में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां भारतीय समुदाय के सदस्य एक साथ मिलकर जश्न मना रहे हैं। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास भी 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय व्यवसायों और संगठनों के साथ साझेदारी में कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है।

पढ़ें- ब्रह्मोस और सुनामी से जवाब देगा भारत- मिथुन चक्रवर्ती

दिल्ली में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम

वहीं, दूसरी ओर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यहां भारत मंडपम में बुधवार को आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम में कहा कि तिरंगा भारत के साहस, एकता और सपनों का प्रतीक है। सीएम रेखा ने कार्यक्रम में लोगों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और देश की सेवा करने का आह्वान किया तथा कहा कि उनका शरीर, आत्मा और पूरा जीवन देश के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंग, साहस, शांति और समृद्धि का प्रतीक हैं और यह भारत के लोगों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘शहादत की चाहत अब भी हमारे दिलों में बसती है।’’

सीएम ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान इसी भावना का उदाहरण है। मुख्यमंत्री गुप्ता ने इस साल के स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अभूतपूर्व उत्साह और एकता बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और अटूट संकल्प और दूरदर्शी दृष्टिकोण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति से ऊपर उठकर देश को देशभक्ति की भावना से एकजुट किया और इसे विश्व मंच पर एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित किया। पढ़ें- LoC पर गोलीबारी में एक जवान शहीद

(भाषा के इनपुट के साथ)