India Independence Day 2018, भारत का स्वतंत्रता दिवस, Swatantrata Diwas 2018, PM Narendra Modi Speech, Bhashan: आज भारत अपना 72वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 72वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान मोदी ने सफेद रंग का कुर्ता और केसरिया रंग की पगड़ी पहन रखी थी। उन्होंने 21 बंदूकों की सलामी के बीच 17वीं शताब्दी के स्मारक की प्राचीर से तिरंगा फहराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ध्वजारोहण के बाद राष्ट्र को संबोधित किया। यह प्रधानमंत्री मोदी का लाल किले की प्राचीर से पांचवां संबोधन है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को वर्ष 2022 तक अंतरिक्ष में मानव मिशन भेजने की घोषणा की। मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में हमारा और हमारे वैज्ञानिकों का एक सपना है और मुझे यह घोषणा करने में प्रसन्नता हो रही है कि वर्ष 2022 तक 75वें स्वतंत्रता साल पर हम अंतरिक्ष में एक मानव मिशन भेजने की योजना बना रहे हैं।” उन्होंने कहा, “हम वर्ष 2022 या उससे पहले अंतरिक्ष में भारतीय को पहुंचाएंगे।” मोदी ने कहा, “हमारे वैज्ञानिकों ने हमें गौरवान्वित किया है। उन्होंने 100 से अधिक उपग्रहों को लॉन्च किया। उन्होंने मंगल मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया।”
Independence Day 2018 समारोह देखें:
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर साल बाघा बॉर्डर पर भारतीय जवानों द्वारा विशेष आयोजन किया जाता है। हर बार की तरह इस बार भी विशेष कार्यक्रम रखा गया। इस मौके पर बड़ी तादाद में लोग जुटे। अटारी-बाघा सीमा पर विशेष बीटिंग रिट्रीट देखने के लिए हजारों की तादाद में लोग जुटे। यह कार्यक्रम भारत के साथ ही पाकिस्तान में भी बेहद लोकप्रिय है, इसलिए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए जाते हैं।
देश के विभिन्न इलाकों में लोगों ने 72वां स्वाधीनता दिवस धूमधाम से मनाया गया। उत्तराखंड में इस मौके पर आपसी सद्भाव और भाईचारे की मिसाल पेश की गई। प्रदेश के ऋषिकेश में मौलाना मुफ्ती मोहम्मद ताहिर हुसैन ने कविता पाठ कर गुरुकुल और छात्रों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस मौके पर बड़ी तादाद में छात्र मौजूद थे। बता दें कि उत्तराखंड में इन दिनों लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, इसके बावजूद राज्य के अनेक इलाकों में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को याद दिलाया कि कोई धर्म हमें बैर करना नहीं सिखाता। केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए उन्हें जाति, धर्म और जाति के बंधनों से आजादी पाने का आह्रान किया। केजरीवाल ने उर्दू भाषा के कवि मोहम्मद इकबाल के दोहे 'सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा' की पंक्तियां साझा करते हुए कामना की कि देश को हर क्षेत्र में विकास करना चाहिए और हर क्षेत्र में शांति स्थापित होनी चाहिए। केजरीवाल ने हिंदी में ट्वीट करते हुए कहा, "मजहब नहीं सिखाता, आपस में बैर रखना, हिंदी हैं हम वतन है, हिंदोस्तां हमारा। भगवान करे हमारा मुल्क खूब प्रगति करे, चारों तरफ अमन चैन हो।" सिसोदिया ने भी ट्विटर पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मात्र राजनीतिक स्वतंत्रता से देश स्वतंत्र नहीं हो जाता। उन्होंने कहा, "इस अवसर पर हमें यह समझना चाहिए कि आजाद देश मात्र स्वतंत्र राजनीति से नहीं कहलाता। जाति, धर्म की लड़ाई और महिलाओं के प्रति संकीर्ण मानसिकता से आजादी ही देश की सच्ची आजादी है।"
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन(इसरो) 2022 तक पहली बार किसी भारतीय अंतरिक्ष यात्री को अंतरिक्ष में भेजेगा। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। इसरो के एक अधिकारी ने अंतरिक्ष एजेंसी के चेयरमैन के. सिवन के बयान के हवाले से आईएएनएस से कहा, "मानव अंतरिक्ष अभियान के लिए सभी महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियां विकसित की जा रही हैं। हम 2022 तक किसी भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में भेजेंगे।" इससे पहले नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत 2022 तक मानव सहित गगनयान अंतरिक्ष में भेजेगा। सिवन ने यहां सात जुलाई को एक समारोह में कहा, "मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियां तैनात की जा रही हैं, क्योंकि लोगों को अंतरिक्ष में भेजना भारत का सपना है।" इसरो चेयरमैन ने हालांकि स्वीकार किया था कि अंतरिक्ष एजेंसी अभी एक मानव अंतरिक्ष यान निर्माण करने के 'करीब नहीं' है।
मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस हषरेल्लास और गरिमामय तरीके से मनाया जा रहा है। जगह-जगह तिरंगा फहराया गया, प्रभातफेरियां निकाली गईं और रंगारंग कार्यक्रमों का दौर जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज फहराया और स्वतंत्रता दिवस पर परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस दौरान पुलिस महानिदेशक ऋषि शुक्ला और परेड कमांडर नगेन्द्र सिंह भापुसे (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, महू), इंदौर मुख्यमंत्री के साथ थे। पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजाई गई और जवानों ने हर्ष फायर किया।वहीं, राजभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने ध्वजारोहण किया और सलामी ली। इस मौके पर राजभवन के तमाम अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री चौहान ने स्वतंत्रता दिवस परेड में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सशस्त्र दलों में एसटीएफ के दल को प्रथम, नागालैण्ड के दल को द्वितीय और मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया।
देश के विभिन्न हिस्सों में हुए दुष्कर्म के जघन्य मामलों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि महिलाओं के प्रति संकीर्ण मानसिकता खत्म होनी चाहिए और सभी को न्याय मिलना चाहिए। यहां लाल किला से अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण में मोदी ने कहा, "हमें अपने समाज और देश को दुष्कर्म की घृणास्पद मानसिकता से आजाद कराना है।" उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश में फास्ट ट्रैक अदालत ने एक दुष्कर्मी को फांसी की सजा सुनाई। लोगों को यह जानना चाहिए कि कानून का शासन सर्वोच्च है और कोई भी व्यक्ति अपने हाथों में कानून नहीं ले सकता।"
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को देश के 72वें स्वतंत्रता दिवस पर अपने आधिकारिक आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने बाद में राज्य सरकार के मुख्यालय पर भी तिरंगा फहराया। औपचारिक समारोह में मंत्रीमंडल में उनके साथी, शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। मुंबई के मेयर विश्वनाथ महादेश्वर ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) मुख्यालय पर तिरंगा फहराया। सरकार के सहयोगी दल शिवसेना के नेता शिरीश शिंदे ने मुंबई में आधी रात को दो स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए। मुलुंड में वरिष्ठ नेता और अभिनेता आदेश बांडेकर और घाटकोपर में एक दिव्यांग व्यक्ति ने तिरंगा फहराया। दोनों उप नगरीय क्षेत्रों में बुधवार सुबह तक जारी रहे कार्यक्रमों में शिवसेना के कार्यकर्ताओं के अतिरिक्त स्थानीय लोगों ने भी सक्रियता से भाग लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वर्ष 2022 तक अंतरिक्ष में मानव मिशन भेजने की घोषणा की। मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से अपने संबोधन में कहा, "अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में हमारा और हमारे वैज्ञानिकों का एक सपना है और मुझे यह घोषणा करने में प्रसन्नता हो रही है कि वर्ष 2022 तक 75वें स्वतंत्रता साल पर हम अंतरिक्ष में एक मानव मिशन भेजने की योजना बना रहे हैं।" उन्होंने कहा, "हम वर्ष 2022 या उससे पहले अंतरिक्ष में भारतीय को पहुंचाएंगे।" मोदी ने कहा, "हमारे वैज्ञानिकों ने हमें गौरवान्वित किया है। उन्होंने 100 से अधिक उपग्रहों को लॉन्च किया। उन्होंने मंगल मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार के पास साहसिक निर्णय जैसे किसानों के लिए न्यूतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के लेने का साहस था जिससे पिछली सरकार से अलग भारत के एक नए पथ पर आगे बढ़ा। उन्होंने कहा कि 2014 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सत्ता में आने के बाद दुनिया में भारत की साख कई मामलों में कई गुना बढ़ गई क्योंकि हमारे पास साहसिक फैसले लेने की समझ है।
मोदी ने 72वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया भर में संस्थानों और आर्थिक वैज्ञानिकों ने भारत को 'जोखिम भरे अर्थव्यवस्था' के रूप में उल्लेख किया लेकिन आज वही संस्थान और वही व्यक्ति आत्मविश्वास से कह रहे हैं कि सुधारों ने भारत को एक नई गति और मजबूत मौलिक सिद्धांत दिया है। अगले साल आम चुनाव से पहले अपने पांचवें और अंतिम स्वतंत्रता दिवस के भाषण में मोदी ने कहा कि देश को पहले दुनिया की पांच कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था लेकिन आज भारत निवेश के लिए अरबों डॉलर का गंतव्य है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बुधवार को राज्य में एक सार्वभौमिक स्वास्थ्य योजना की घोषणा की जिससे 70 लाख परिवारों को फायदा होगा। यहां 72वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर उन्होंने कहा कि बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना (बीएसकेवाई) के लाभार्थियों को पांच लाख रुपये की चिकित्सीय सहायता और महिलाओं को अतिरिक्त दो लाख रुपये मिलेंगे। यहां कैपिटल हॉस्पिटल में बीकेएसवाई स्वास्थ्य कवरेज की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे 'एक ऐतिहासिक पहल' बताया और कहा कि इससे राज्य के स्वास्थ्य के परिदृश्य पर अच्छा असर होगा। इससे पहले महात्मा गांधी मार्ग पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए पटनायक ने स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राज्य किसानों, महिलाओं व युवाओं को प्राथमिकता दे रहा है। उन्हें एक फीसदी पर कर्ज मुहैया कराया जा रहा है। ओडिशा के नई पहचान बनाने का उल्लेख करते हुए पटनायक ने कहा, "भुवनेश्वर में एशियन एथेलेटिक्स चैंपियनशिप की सफलता के बाद शहर नवंबर में हॉकी विश्व कप की मेजबानी करेगा। यह हम सब के लिए गर्व की बात है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को लाल किले से स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र के लिए अपने संबोधन के बाद स्कूली बच्चों से मुलाकात करने के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल को नजरअंदाज करते हुए अपनी कार से बाहर आ गए। हर साल की तरह स्वतंत्रता दिवस समारोह में लाल किले पर तिरंगे की पोशाक में सैकड़ों स्कूली बच्चों को आमंत्रित किया गया था। इसमें से बहुत से बच्चे प्रधानमंत्री की कार को घेर लिया जिससे प्रधानमंत्री उनसे मिलने के लिए कार से बाहर आ गए। मोदी ने कुछ बच्चों से हाथ मिलाया और अन्य का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। वह कुछ बच्चों से बातें करते भी दिखाई दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि 50 करोड़ भारतीयों को चिकित्सा बीमा कवर देने की एक प्रमुख स्वास्थ्य सेवा योजना 25 सितंबर से भारतीय जन संघ संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय की 102वीं जयंती पर शुरू होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले साल होने वाले आम चुनावों से पहले अपने अंतिम स्वतंत्रता दिवस के भाषण में कहा, "प्रधानमंत्री जन आरोग्य अभियान 25 सितंबर से शुरू किया जाएगा जिससे गरीबों के लिए अच्छी गुणवत्ता व किफायती स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित हो सके। सरकार की पहल का 50 करोड़ भारतीयों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।" इस योजना को दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी वित्त पोषित स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम बताया जा रहा है। इसे कार्यक्रम को 'मोदीकेयर' भी कहा जा रहा है जिसका मकसद देश में 10 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को लाभान्वित करते हुए हर परिवार को सलाना पांच लाख रुपये का मेडिकल बीमा कवर प्रदान करना है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने 72वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बुधवार को यहां तिरंगा फहराया। कुमारस्वामी के साथ इस अवसर पर शहर के मध्य में स्थित फील्ड मार्शल मानेकशॉ परेड मैदान में लगभग 8,000 लोग मौजूद थे। बदली के बीच सेना के हेलीकॉप्टर ने मंच पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं जहां मुख्यमंत्री और कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। गार्ड ऑफ आनर लेने के बाद कुमारस्वामी ने एक खुली जीप में मैदान का चक्कर लगाया और सशस्त्र बलों, राज्य रिजर्व पुलिस, राष्ट्रीय कैडेट कोर, भारत स्काउट और गाइड के बटालियनों का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस का भाषण कन्नड़ में दिया।
अपने भाषण में मोदी ने कहा, "भारतवासियों की तरफ से मैं आजादी दिलाने के लिए अपनी जान गंवाने वाले सभी पुरुषों और महिलाओं को नमन करता हूं।" उन्होंने कहा, "मैं तिरंगा की रक्षा में शहीद होने वाली सेना और अन्य सशस्त्र बलों के जवानों को सलाम करता हूं।" जलियांवाला बाग नरसंहार में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा, "अगले साल बैसाखी पर जलियांवाला नरसंहार के 100 वर्ष पूरे होंगे। मैं स्वतंत्रता के लिए शहीद होने वाले सभी लोगों को नमन करता हूं।" प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार द्वारा किए गए प्रयासों से पूर्वोत्तर भारत के लोग दिल्ली के करीब आए हैं। लाल किले की प्राचीर से 72वें स्वतंत्रता दिवस पर देश को संबोधित करते हुए कहा, "चार साल पहले पूर्वोत्तर के लोग महसूस करते थे कि दिल्ली उनसे काफी दूर है। पिछले चार सालों में हम पूर्वोत्तर को दिल्ली के करीब लाएं हैं।" उन्होंने कहा कि लोग पहले इस क्षेत्र से जुड़ी खबरों को अनदेखा कर देते थे। मोदी ने कहा, "अब, जब हम अखबारों में पूर्वोत्तर के बारे में पढ़ते हैं, तो हम देखते हैं कि गांवों को बिजली मिल रही है। राजमार्ग और रेलवे का निर्माण हो रहा है। नौकरी के नए अवसर पैदा किए गए हैं और शैक्षणिक संस्थान खुल रहे हैं।" मोदी ने इस क्षेत्र की खेल, निर्माण व बुनियादी ढांचे और व्यापार में उपलब्धियों पर भी बात की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के 72वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विभिन्न जेलों में बंद 72 कैदियों को रिहा करने का आदेश दिया है। एक अधिकारी ने बताया कि विभिन्न अपराधों के लिए जेल में बंद ये कैदी गरीब हैं और अदालतों द्वारा लगाए गए जुमार्ना भरने में सक्षम नहीं होने के कारण अतिरिक्त सजा भुगत रहे हैं। जुरमाने के लिए सामाजिक सेवा समूहों, क्लबों और ट्रस्टों द्वारा भुगतान करने की व्यवस्था की गई जिसके बाद उनकी रिहाई की प्रक्रिया शुरू हुई।
मैं बेसब्र हूं, क्योंकि जो देश हमसे आगे निकल चुके हैं, हमें उनसे भी आगे जाना है। मैं बेचैन हूं, हमारे बच्चों के विकास में बाधा बने कुपोषण से देश को मुक्त कराने के लिए। मैं व्याकुल हूं, देश के हर गरीब तक समुचित हेल्थ कवर पहुंचाने के लिए, ताकि वो बीमारी से लड़ सके। मैं व्यग्र हूं, अपने नागरिकों की Quality of Life को सुधारने के लिए। मैं अधीर हूं, क्योंकि हमें ज्ञान-आधारित चौथी औद्योगिक क्रांति की अगुवाई करनी है। मैं आतुर हूं, क्योंकि मैं चाहता हूं कि देश अपनी क्षमताओं और संसाधनों का पूरा लाभ उठाए। : प्रधानमंत्री मोदी
हर भारतीय के पास अपना घर हो- Housing for All, हर भारतीय के घर में बिजली कनेक्शन हो- Power for All, हर भारतीय की रसोई धुआं मुक्त हो- Clean Cooking for All, हर भारतीय के घर में जरूरत के मुताबिक जल पहुंचे- Water for All : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
अपना संबोधन समाप्त कर प्रधानमंत्री अब बच्चों की तरफ बढ़ रहे हैं। पद संभालने के बाद हर साल स्वतंत्रता दिवस पर वह यहां उतरकर बच्चों से मिलते हैं। बच्चों में उनसे मिलने का बड़ा उत्साह रहता है।
जम्मू-कश्मीर के लिए अटल जी का आह्वान था- इंसानियत, कश्मीरियत, जम्हूरियत। मैंने भी कहा है, जम्मू-कश्मीर की हर समस्या का समाधान गले लगाकर ही किया जा सकता है। हमारी सरकार जम्मू-कश्मीर के सभी क्षेत्रों और सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जम्मू कश्मीर में लोकतांत्रिक इकाइयों को और मजबूत करने के लिए लंबे समय से टल रहे पंचायत और निकाय चुनाव भी जल्द कराये जाने की तैयारी चल रही है। : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
आज देश ईमानदारी का उत्सव मना रहा है। 2013 तक 4 करोड़ लोग टैक्स भरते थे, आज पौने सात करोड़ लोग टैक्स देते हैं। आज देश ईमानदारी का उत्सव मना रहा है। हमने भाई-भतीजावाद खत्म किया। आज पहली बार सुप्रीम कोर्ट में तीन महिला जज है। हमारी कैबिनेट में भी महिलाओं को सर्वाधिक जगह दी गई है। : प्रधानमंत्री
जो लोग पैदा नहीं हुए उनके नाम पर 6 करोड़ फर्जी लाभार्थी 90 हजार करोड़ की रकम ले जाते थे। हमने ऐसे फर्जीवाड़े को पहचाना और असली लाभार्थियों तक रकम पहुंचाने का काम किया। ईमानदार करदाताओं को यकीन दिलाता हूं आपके कर के कारण ही जब आप खाना खाते हैं तो उसी वक्त तीन गरीब परिवार का पेट भरता है। इससे ज्यादा मन की शांति और पुण्य क्या हो सकता है। अगर योजनाओं से किसी को पुण्य मिलता है तो सरकार को नहीं बल्कि ईमानदार करदाताओं को मिलता है। : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
स्वच्छता अभियान से तीन लाख बच्चों की जान बची। देश में गरीबों के बच्चे स्वच्छता के कारण ही बच सके। देश को आजादी मिली सत्याग्रहियों से और स्वच्छता मिलेगी स्वच्छाग्रहियों से। 25 सितंबर पं. दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के दिन प्रधानमंत्री जन आरोग्य अभियान शुरु कर दिया जाएगा। इससे गरीबों को इलाज मिल सकेगा। भाइयों-बहनों कोई भी गरीब उपचार के बिना मरना नहीं चाहता। : पीएम मोदी
आज मेरा सौभाग्य है कि इस पावन अवसर पर मुझे देश को एक और खुशखबरी देने का अवसर मिला है। साल 2022, यानि आजादी के 75वें वर्ष में और संभव हुआ तो उससे पहले ही, भारत अंतरिक्ष में तिरंगा लेकर जा रहा है। आज हमारा पूरा ध्यान कृषि क्षेत्र में बदलाव लाने का, आधुनिकता लाने का है। हम मक्खन पर लकीर नहीं, पत्थर पर लकीर खींचने वाले हैं। : प्रधानमंत्री
नॉर्थ-ईस्ट आजकल उन खबरों को लेकर आ रहा है जो देश को प्रेरणा दे रहा है। एक समय था जब नॉर्थ ईस्ट को लगता था कि दिल्ली बहुत दूर है, आज हमने दिल्ली को नॉर्थ ईस्ट के दरवाजे पर लाकर खड़ा कर दिया है। 13 करोड़ मुद्रा लोन, उसमें भी 4 करोड़ लोगों ने पहली बार लोन लिया है, ये अपने आप में बदले हुए हिन्दुस्तान की गवाही देता है। : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
2014 से पहले दुनिया की गणमान्य संस्थाएं और अर्थशास्त्री कभी हमारे देश के लिए क्या कहा करते थे, वो भी एक जमाना था कि हिंदुस्तानी की इकॉनमी बड़ी रिस्क से भरी है वही लोग आज हमारे रिफॉर्म की तारीफ कर रहे हैं। : प्रधानमंत्री मोदी
हम कड़े फैसले लेने का सामर्थ्य रखते हैं क्योंकि देशहित हमारे लिए सर्वोपरि है। जब हौसले बुलंद होते हैं, देश के लिए कुछ करने का इरादा होता है तो बेनामी संपत्ति का कानून भी लागू होता है। देश की सेना के जवान वन रैंक वन पेंशन की मांग कर रहे थे, किसी सरकार ने उनकी बात नहीं सुनी। आपने हमें उनकी इस मांग को पूरा करने का मौका दिया : प्रधानमंत्री
जिस रफ्तार से 2013 में गांवों तक ऑप्टिकल फाइबर पहुंचाने का काम चल रहा था, उस रफ्तार से देश के हर गांव को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ने में कई पीढ़ियां गुजर जातीं। जिस रफ्तार से 2013 में गैस कनेक्शन दिया जा रहा था, अगर वही पुरानी रफ्तार होती तो देश के हर घर में सालों तक भी गैस कनेक्शन नहीं पहुंच पाता। 4 साल में देश बदलाव महसूस कर रहा है। आज देश दो गुनी रफ्तार से हाइवे बना रहा है। गांव में 4 गुना तेजी से घर बन रहे हैं। देश में आजादी के बाद अब सबसे ज्यादा हवाई जहाज भी खरीदे जा रहे हैं। देश की अपेक्षाएं और आवश्यकताएं बहुत हैं, उसे पूरा करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को निरंतर प्रयास करना है : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
गरीबों को न्याय मिले, हर किसी को उसकी इच्छा और आकांक्षाओं के हिसाब से आगे बढ़ने का अवसर मिले। 2014 से अब तक मैं अनुभव कर रहा हूं कि सवा सौ करोड़ देशवासी सिर्फ सरकार बनाकर रुके नहीं। वो देश बनाने में जुटे हैं। : प्रधानमंत्री मोदी
महान तमिल कवि, दीर्घदृष्टा और आशावादी सुब्रामणियम भारती ने लिखा था कि भारत न सिर्फ एक महान राष्ट्र के रूप में उभरेगा बल्कि दूसरों को भी प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा था- भारत पूरी दुनिया को हर तरह के बंधनों से मुक्ति पाने का रास्ता दिखाएगा। : प्रधानमंत्री
आजादी के बाद पूज्य बाबा साहेब अम्बेडकर जी के नेतृत्व में भारत ने एक समावेशी संविधान का निर्माण किया। यह संविधान हमारे लिए कुछ जिम्मेदारियां लेकर आया है, कुछ सीमाएं लेकर आया है। मेरे प्यारे भाइयों-बहनों, हमारा संविधान कहता है कि भारत के तिरंगे से हमें प्रेरणा मिलती है। समाज के सभी वर्ग समान गति से मिलकर आगे बढ़ें। : प्रधानमंत्री
मैं देशवासियों की ओर से आजादी के वीर सेनानियों को हृदयपूर्वक नमन करता हूं। इस समय कुछ इलाकों से बाढ़ की खबरें आ रही हैं। हम उनके साथ हैं, पूरा देश उनके दुख का सहभागी है। अगली वैशाखी को जलियांवाला बाग की 100वीं बरसी है। हमारे देश के त्याग और वीरों के बलिदान से हमें प्रेरणा मिलती है, मैं उन सभी वीरों को आदरपूर्वक नमन करता हूं। : प्रधानमंत्री
हम उस समय आजादी का पर्व मना रहे हैं जब कुछ खबरें खुशहाली लाई हैं। आज पूरा देश इस बात पर गर्व कर रहा है कि भारत ने विश्व की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने का गौरव हासिल करा दिया है। : प्रधानमंत्री
आज का सूर्योदय एक नई चेतना लेकर आया है। इस वर्ष दक्षिण की नीलगिरि की पहाड़ियों पर नीलगिरिंज का पुष्प मानों देश के तिरंगे के अशोक चक्र की तरह लहलहा हो। आजादी का यह पर्व हम तब मना रहे हैं, जब हमारी बेटियां उत्तरांचल, मणिपुर, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश की बेटियों ने सात समंदर पार किया और हमारे बीच लौट आईं : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री ने लाले किले से तिरंगा फहरा दिया है। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। प्रधानमंत्री का संबोधन कुछ देर में।
प्रधानमंत्री मोदी लाल किला पहुंच गए हैं। अब वह गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण कर रहे हैं। सेना का बैंड देशभक्ति से ओत-प्रोत धुनें बजा रहे हैं। बच्चों-युवाओं-बुजुर्गों में उत्साह है, कुछ देर में प्रधानमंत्री का संबोधन होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किला पहुंच रहे हैं। यहां पहले वह गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद बैंड व सेना की परेड से कार्यक्रम शुरू होगा। लाल किले पर आयोजित समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, एचडी देवेगौड़ा, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन, वरिष्ठ बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी व अन्य गणमान्य मौजूद हैं।
राष्ट्रपति ने कहा, "इस स्वाधीनता दिवस के अवसर पर, हम सब भारतवासी अपने दिन-प्रतिदिन के आचरण में उनके द्वारा सुझाए गए रास्तों पर चलने का संकल्प लें। हमारी स्वाधीनता का उत्सव मनाने, तथा भारतीयता के गौरव को महसूस करने का इससे बेहतर कोई और तरीका नहीं हो सकता।"
कोविंद ने कहा, "गांधीजी स्वदेशी पर बहुत जोर दिया करते थे। उनके लिए यह भारतीय प्रतिभा और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम था। वह दुनिया के अन्य हिस्सों में प्रचलित चिंतन-धाराओं के बारे में सजग थे। वे यह मानते थे कि भारतीय सभ्यता के अनुसार, हमें पूर्वाग्रहों से मुक्त होकर, नए-नए विचारों के लिए, अपने मस्तिष्क की खिड़कियां खुली रखनी चाहिए। यह स्वदेशी की उनकी अपनी सोच थी। दुनिया के साथ हमारे सम्बन्धों को परिभाषित करने में -हमारी अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक आकांक्षाओं और नीतिगत विकल्पों के चयन में- स्वदेशी की यह सोच आज भी प्रासंगिक है।"
राष्ट्रपति ने कहा, "हमें गांधीजी के विचारों की गहराई को समझने का प्रयास करना होगा। उन्हें राजनीति और स्वाधीनता की सीमित परिभाषाएं मंजूर नहीं थीं। जब गांधीजी और उनकी पत्नी कस्तूरबा चंपारण में नील की खेती करने वाले किसानों के आंदोलन के सिलसिले में बिहार गए तो वहां उन्होंने काफी समय लोगों, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को स्वच्छता और स्वास्थ्य की शिक्षा देने में लगाया। चंपारण में और अन्य बहुत से स्थानों पर, गांधीजी ने स्वयं, स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने साफ-सफाई को, आत्म-अनुशासन और शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक माना।"