भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में 24 दिसंबर तक शीत लहर की चेतावनी जारी की है। IMD ने 20 दिसंबर को अपने पूर्वानुमान में कहा कि 20 से 24 दिसंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में गंभीर शीत लहर की स्थिति होने की संभावना है। IMD की ओर से यह भी कहा गया है कि 21 और 22 दिसंबर को पंजाब और राजस्थान में शीत लहर चलने की संभावना है।
राजस्थान में क्या रहेंगे हालात?
IMD ने 22 दिसंबर तक हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी भी दी है। पिछले कुछ दिनों में पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, 19 दिसंबर को फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार को पंजाब के पठानकोट में कड़ाके की ठंड रही, यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बठिंडा और गुरदासपुर में 4.6 डिग्री सेल्सियस और 4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा में सिरसा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में भी 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ ठंडी रात रही, जबकि करनाल में 6.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। भिवानी में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Delhi Weather News : दिल्ली में ठंड-कोहरे और AQI गंभीर, दक्षिण में IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट !
कश्मीर में तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया, पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार श्रीनगर में शुक्रवार को मौसम की सबसे ठंडी रात रही। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के -6 डिग्री सेल्सियस से थोड़ा कम है। मौसम विभाग ने 26 दिसंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान जताया है तथा 21-22 दिसंबर की रात को घाटी के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है।