Avalanche in Uttarakhand : उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार को नंदा देवी ग्लेशियर का एक हिस्सा टूट जाने के कारण ऋषिगंगा घाटी में अचानक विकराल बाढ़ आ गई। चमोली ज़िले के जोशीमठ में टनल में फंसे लोगों को ​बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य चल रहा है। ITBP देहरादून के सेक्टर हेडक्वार्टर डीआईजी अपर्णा कुमार ने बताया “बड़ी टनल को 70-80 मीटर खोला गया है, जेसीबी से मलबा निकाल रहे हैं। यहां कल से 30-40 कर्मी फंसे हुए हैं। आईटीबीपी, उत्तराखंड पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना यहां संयुक्त ऑपरेशन कर रही है। क़रीब 153 लोग लापता हैं।”

आर्मी मेडिकल टीम के मेजर इकजोत सिंह ने बताया कि कल जो 12 लोग बाहर निकाले गए थे हमने उनको मेडिकल ऐड दी और उन लोगों की हालत अब स्थिर है। चमोली पुलिस के मुताबिक टनल में फंसे लोगों के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है। जेसीबी की मदद से टनल के अंदर पहुंच कर रास्ता खोलने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक कुल 15 व्यक्तियों को रेस्क्यू किया गया है और अलग-अलग स्थानों से 14 शव बरामद किए गए हैं।

DGP अशोक कुमार ने बताया कि ग्लेशियर टूटने से रैणी पावर प्रोजेक्ट पूरा बह गया और तपोवन भी क्षतिग्रस्त हुआ। पहले प्रोजेक्ट से 32 लोग लापता हैं और दूसरे प्रोजेक्ट से 121 लोग लापता हैं। इनमें से 10 शव बरामद हो गए हैं। तपोवन प्रोजेक्ट में दो टनल थीं, छोटी टनल से कल 12 लोगों को बचाया गया।

Avalanche in Uttarakhand LIVE Updates: यहां पढ़ें इस से जुड़े सभी लाइव अपडेट 

हेल्पलाइन नंबर जारीः उत्तराखंड सरकार ने इस प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जो कि 1070 और 9557444486 हैं। सीएम के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित इलाकों में या उसके आसपास जो लोग फंसे हैं वे इन नंबरों पर कॉल कर मदद हासिल कर सकते हैं।

 

Live Blog

Highlights

    13:25 (IST)08 Feb 2021
    फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने भी संवेदना जताई

    अमेरिका ने कहा कि भारत में ग्लेशियर के फटने और भूस्खलन से प्रभावित लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। हम मृतक के परिवार और दोस्तों के शोक में शामिल हैं। घायलों को तुरंत ठीक होने को लेकर आशावान हैं। वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने भी संवेदना जताई। उन्होंने कहा, "उत्तराखंड प्रांत में ग्लेशियर फटने की घटना में 100 से अधिक लोग लापता हो गए, फ्रांस भारत के साथ पूरी एकजुटता व्यक्त करता है। हमारी संवेदनाएं उनके और उनके परिवारों के साथ है।"

    12:57 (IST)08 Feb 2021
    11 शव बरामद किए गए हैं, 153 लोग लापता

    एनडीआरएफ के डीजी एसएन प्रधान ने बताया कि ढाई किमी। लंबी सुरंग में राहत बचाव कार्य जारी है। 27 लोगों को जिंदा निकाला गया है। 11 शव बरामद किए गए हैं। वहीं कुल 153 लोग लापता हैं। बताया कि 40 से 50 लोग अभी सुरंग में फंसे हुए हैं। शेष लोगों के मलबे में बह जाने की आशंका है।

    12:11 (IST)08 Feb 2021
    पुल टूटने से जो 13 गांव अलग हो गए हैं उनके लिए बचाव कार्य शुरू कर दिया गया

    चमोली की ज़िलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने कहा "पुल टूटने से जो 13 गांव अलग हो गए हैं उनके लिए बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है और उन्हें राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। हमारी मेडिकल टीमें भी पहुंच गई हैं। जो लोग अलग-अलग पहाड़ों पर फंसे हुए हैं उनके लिए भी बचाव कार्य चल रहा है।"

    11:51 (IST)08 Feb 2021
    फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए किए जा रहे हर संभव प्रयास

    गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, जनपद प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत, विधायक महेंद्र प्रसाद भट्ट, विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने भी तपोवन एवं रैणी में आपदा प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान गढ़वाल सांसद एवं प्रभारी मंत्री प्रभावित परिवारों के परिजनों से मिले और उनको हर संभव मदद पहुंचाने का भरोसा दिलाया। प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी, आर्मी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीआरओ सभी मिलकर युद्ध स्तर पर रात-दिन राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं और फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

    11:12 (IST)08 Feb 2021
    203 लोग आपदा में लापता हुए हैं, जिनमें से 11 लोगों के शव बरामद कर लिए गए

    मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि लगभग 203 लोग आपदा में लापता हुए हैं। जिनमें से 11 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। हमें कल तक एक सहायक कंपनी के प्रोजेक्ट तपोवन के बारे में पता नहीं था। हम यह मानकर चल रहे हैं कि दूसरी सुरंग में 35 लोग अभी भी फंसे हुए हैं। राहत-बचाव कार्य जारी है।

    10:35 (IST)08 Feb 2021
    तपोवन का बांध पूरी तरह साफ हो गया

    ग्लेशियर टूटने के बाद आई तबाही के दौरान पानी का गुबार इतना भीषण था कि तपोवन का बांध पूरी तरह साफ हो गया। इस डैम की लोकेशन से जो शुरुआती तस्वीर सामने आई है, उसमें कुछ ऐसा ही नजर आ रहा है। ग्लेशियर टूटने के चलते धौली गंगा और ऋषि गंगा के संगम पर तपोवन हाइड्रो इलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट पूरी तरह से बर्बाद हो चुका है। इस प्रोजेक्ट को ऋषि गंगा परियोजना भी कहा जाता है।

    09:53 (IST)08 Feb 2021
    शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत श्रीनगर पहुंचे

    चमोली जिले के प्रभारी मंत्री और राज्य उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत श्रीनगर पहुंच चुके हैं। यहां से वह केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के साथ आपदा ग्रस्त इलाके का निरीक्षण करने के लिए रवाना होंगे।



    09:27 (IST)08 Feb 2021
    गंगा के संगम से 20 मीटर की ऊंचाई पर बने कुछ मंदिर भी बह गये

    गांव के तीन बाशिंदे इस त्रासदी के बाद से गायब हैं। उनमें 75 वर्षीय अमृता देवी भी हैं जो ऋषि गंगा पर पुल के समीप अपने खेत में काम करने गयी थीं। अन्य वल्ली रानी के यशपाल हैं जो अपने मवेशी को चराने गये थे और रंजीत सिंह (25) है जो ऋषि गंगा पनबिजली परियोजना में काम करते थे। नंदा देवी ग्लेशियर के टूटने के बाद यह हिमस्खलन आया। इस हिमस्खलन से वह परियोजना नष्ट हो गयी जो 2020 में ही शुरू हुई थी। मुख्य सीमा मार्ग पर एक बड़ा पुल भी बह गया। जुवा ग्वान गांव के प्रदीप राणा ने बताया कि उसी गांव का संजय सिंह भी लापता है जो अपनी बकरियां चराने गया था। ऋषि गंगा और धौली गंगा के संगम से 20 मीटर की ऊंचाई पर बने कुछ मंदिर भी बह गये।

    09:01 (IST)08 Feb 2021
    हम यह समझ पाते कि क्या हो रहा है, उससे पहले ही ऋषिगंगा के कीचड़ वाले पानी ने सारी चीजें तबाह कर दीं

    उत्तराखंड के रैणी गांव में रविवार को हर दिन की तरह लोगों के लिए सर्दी की शांत सुबह थी लेकिन लगभग दस बजे उन्हें जोरदार आवाज सुनायी दी और ऋषिगंगा में पानी का सैलाब और कीचड़ आते हुए नजर आया। धरम सिंह नामक पचास वर्षीय एक ग्रामीण ने कहा, ‘‘हम यह समझ पाते कि क्या हो रहा है, उससे पहले ही ऋषिगंगा के कीचड़ वाले पानी ने सारी चीजें तबाह कर दीं।’’ इस नजारे ने लोगों को 2013 की केदारनाथ की भयावह बाढ़ की याद दिला दी जिसमें हजारों लोगों की जान चली गयी थी। रविवार को कई लोगों के इस सैलाब में बह जाने की आशंका है। उनमें नदी के आसपास काम कर रहे लोग भी शामिल हैं।

    08:24 (IST)08 Feb 2021
    रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, चॉपर से खाना पहुंचाया जा रहा

    चमोली में तपोवन बांध के पास रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। तलाशी अभियान चलाने के लिए कैनाइन दस्ते को भी तैनात किया गया है। यहां फंसे लोगो को चॉपर से खाना पहुंचाया जा रहा है। तपोवन के पास बनी झील हैं। प्रशासन ने निचले इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। 

    08:05 (IST)08 Feb 2021
    उमा भारती बोलीं, मैंने पावर प्रोजेक्ट के लिए किया था मना

    BJP की नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने रविवार को चमोली ग्लेशियर आपदा पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ग्लेशियर टूटने के कारण हुई त्रासदी चिंता का विषय होने के साथ-साथ चेतावनी भी है। भारती ने कहा "हिमालय उत्तराखंड की बांध परियोजनाओं के बारे में मेरे मंत्रालय द्वारा दिए गए हलफनामे में, मैंने अनुरोध किया था कि हिमालय एक बहुत ही संवेदनशील जगह है, इसलिए गंगा और इसकी मुख्य सहायक नदियों पर बिजली परियोजनाएं नहीं बनाई जानी चाहिए।" 

    07:41 (IST)08 Feb 2021
    कृपया अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान ना दें

    त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘कृपया अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान ना दें।’ दरअसल, उत्तराखंड पुलिस ने कहा कि कुछ व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर जोशीमठ में नदी के जलस्तर बढ़ने सम्बंधित भ्रामक एवं तथ्यहीन खबर फैलाई जा रही हैं, जो पूर्ण रूप से अफवाह है। कृपया सभी से निवेदन है इस प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दें, केवल ऐसे स्रोतों पर विश्वास करें जो विश्वसनीय हो। 

    06:34 (IST)08 Feb 2021
    बचाव और राहत कार्य जारी

    बचाव और राहत कार्य के लिए सेना के दो हेलीकॉप्‍टर भी तैयार हैं। दो सौ जवान स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर बचाव और राहत कार्यों में मदद कर रहे हैं।

    04:55 (IST)08 Feb 2021
    मारे गए लोगों के आश्रितों को प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की मंजूरी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस त्रासदी में मारे गए लोगों के आश्रितों को प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की मंजूरी दी है। पचास-पचास हजार रुपये घायलों को दिए जाएंगे।

    03:22 (IST)08 Feb 2021
    मुख्‍यमंत्री ने लिया राहत कार्य का जायजा

    मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने तपोवन में रैणी गांव के पास जाकर हालात का जायजा लिया। संवाददाताओं से बातचीत में श्री रावत ने कहा कि नदी का जलस्तर कम हुआ है। केंद्र सरकार लगातार उनसे संपर्क में है और राहत कार्यों में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

    01:51 (IST)08 Feb 2021
    भूस्‍खलन के कारण आई बाढ़ से नदी किनारे स्थित घरों को भी नुकसान

    भूस्‍खलन के कारण आई बाढ़ से नदी किनारे स्थित घरों को भी नुकसान पहुंचा है। एनटीपीसी के कार्यालय परिसर और आवासीय क्षेत्रों सहित पांच पुलों को नुकसान पहुंचा है। अलकनंदा नदी का जलस्‍तर स्थिर है।

    00:45 (IST)08 Feb 2021
    चमोली जिले में राहत और बचाव कार्य में तेजी

    उत्तराखंड के चमोली जिले में राहत और बचाव कार्य जोर-शोर से चलाए जा रहे हैं। कल सुबह चमोली में ग्लेशियर टूटने से धौलीगंगा में अचानक आई भीषण बाढ़ से तपोवन क्षेत्र के रैणी गांव के पास ऋषिगंगा पनबिजली परियोजना को भारी नुकसान पहुंचा है।

    23:23 (IST)07 Feb 2021
    रात में भी राहत कार्य रहेगा जारी

    उत्तराखंड में आई तबाही के बाद राहत एंव बचाव का कार्य चल रहा है। वहीं अभी भी कुछ लोग टनल में फंसे हुए हैं। टनल खोलने के लिए एक्सावेटर और पोकलैंड मशीन लगाई गई है। रात को भी रेस्कयू जारी करने के लिए लाइट लगाई जा रही है। दरअसल, चमोली जिले के तपोवन क्षेत्र में रविवार सुबह लगभग 10 बजे के आसपास ग्लेशियर टूटने से ऋषिगंगा नदी पर बाढ आ गई। जिसमे ऋषिगंगा पावर प्रोजेक्ट और तपोवन पावर प्रोजेक्ट बह जाने से जानमाल सहित तपोवन क्षेत्र में परिसंपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है।

    23:07 (IST)07 Feb 2021
    बढ़ रहा नदी का जलस्तर

    चमोली पुलिस कन्ट्रोल रुम गोपेश्वर के अनुसार नदी का जलस्तर बढ रहा है. पुलिस अधीक्षक चमोली श्री यशवंत सिंह चौहान महोदय के आदेशानुसार पुलिस द्वारा नदी के आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट किया जा रहा है.

    22:54 (IST)07 Feb 2021
    पीएम मोदी बोले- उत्तराखंड में पूरी तत्परता से चल रहा है राहत व बचाव कार्य

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उत्तराखंड में हिमखंड टूटने की घटना से प्रभावित चमोली जिले में बचाव एवं राहत कार्य पूरी तत्परता से चल रहा है और पूरा देश, उत्तराखंड के लोगों के लिये प्रार्थना कर रहा है । 

    21:48 (IST)07 Feb 2021
    ग्लेशियर टूटने की घटना में 7 लोगों की मौतम

    राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र ने कहा है कि उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने की घटना में 7 लोगों की मौत हुई है, 6 लोग घायल और लगभग 170 लोग लापता हैं। वहीं, NDRF के IG ने कहा कि विभिन्न एंजेसियां काम कर रही हैं। हम कोशिश कर रहे हैं कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। जो लोग सुरंग के बाहर फंसे थे उन्हें ITBP द्वारा सुरक्षित निकाला गया है। जो लोग सुरंग के अंदर फंसे हैं उन्हें बचाने का कार्य जारी है। 

    21:39 (IST)07 Feb 2021
    तपोवन हादसे पर गोवा सीएम ने किया दुख व्यक्त

    गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि उत्तराखंड में तपोवन में ग्लेशियर के टूटने की घटना पर मैं दुख व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह स्थिति का लगातार जायजा ले रहे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन वहां चल रहा है। 

    21:09 (IST)07 Feb 2021
    देश इस दुख की घड़ी में उत्तराखंड के लोगों के साथ: ज्योतिरादित्य

    BJP नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, ‘उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने की घटना दुखद है. पूरा देश इस दुख की घड़ी में उत्तराखंड के लोगों के साथ है। केंद्र और राज्य सरकार आपस में मिलकर जो भी सहायता कर सकते हैं वह करने की कोशिश कर रहे हैं। मेरी श्रद्धांजली सभी दिवंगत आत्माओं के साथ है।’

    20:17 (IST)07 Feb 2021
    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह कहा

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘उत्तराखंड में हुई इस भीषण दुर्घटना में राहत और बचाव कार्य जारी है। ITBP, NDRF,सेना के जवान और स्थानीय प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। दुख की इस घड़ी में हम सब उत्तराखंड के साथ हैं। उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से हुई दिल दहला देने वाली दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के असमय निधन के समाचार से बहुत पीड़ा हुई। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’

    19:50 (IST)07 Feb 2021
    तबाही में मरने वाले लोगों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान

    पीएम नरेंद्र मोदी ने चमोली में ग्लेशियर के टूटने से आई तबाही में मरने वाले लोगों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया है। उन्होंने PMNRF से मृतकों के परजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। 

    19:28 (IST)07 Feb 2021
    केंद्र और राज्य सरकार मिलकर राहत कार्यों को अंजाम दे रहे हैं

    जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है, ‘आपदा के बीच ITBP के जवानों ने उन 16 लोगों को बचा लिया है जो चमोली-तपोवन की एक सुरंग में फंस गए थे। हमारे जवान हर स्थान पर जीवन रक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर राहत कार्यों को अंजाम दे रहे हैं। अफवाहों से बचें, सतर्क रहें।’

    18:55 (IST)07 Feb 2021
    उत्तराखंड में ग्लेशियर फटने से आई त्रासदी की खबर बहुत दुखद है

    कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा, ‘उत्तराखंड में ग्लेशियर फटने से आई त्रासदी की खबर बहुत दुखद है। इस मुश्किल समय में पूरा देश उत्तराखंड के निवासियों के साथ खड़ा है। आपदा में फंसे लोगों के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से निवेदन है कि राहत और बचाव कार्यों में भरपूर सहयोग करें।’

    18:33 (IST)07 Feb 2021
    उत्तराखंड में आई आपदा से काफी स्तब्ध हूं :ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि उत्तराखंड के चमोली जिले में ग्लेशियर टूटने के बाद आई आपदा से वह काफी स्तब्ध हैं। ग्लेशियर टूटने के कारण अलकनंदा और इसकी सहायक नदियों में अचानक बाढ़ आ गई है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड में एक बिजली परियोजना स्थल पर काम कर रहे 150 से अधिक श्रमिकों के इस आपदा में मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कई गांवों को खाली करा दिया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। ममता ने ट्विटर पर कहा, ‘‘उत्तराखंड में आई आपदा में लोगों की जान जाने को लेकर काफी स्तब्ध और बहुत दुखी हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। आपदा में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। ’’ आपदा के मद्देनजर उत्तराखंड में पौड़ी, टिहरी, रूद्रप्रयाग, हरिद्वार और देहरादून सहित कई जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

    18:11 (IST)07 Feb 2021
    यूपी के इन जिलों में हाई अलर्ट

    यूपी में गंगा किनारे वाले जिलों उन्नाव, कन्नौज, बिजनौर, फतेहगढ़, प्रयागराज, कानपुर, मिर्जापुर, गढ़मुक्तेश्वर, गाजीपुर व वाराणसी में हाई अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट का आदेश आते ही गंगा किनारे बसे गांव का अधिकारियों ने दौरा शुरू किया। बताया जा रहा है कि शाम तक गंगा में कई लाख क्यूसेक पानी बढ़ सकता है। बताते चलें कि जोशीमठ में ग्लेशियर फटने से डैम टूट गया है, जिससे धौली नदी में बाढ़ आ गई है। हादसे में कई लोग बह गए हैं।

    17:39 (IST)07 Feb 2021
    आईटीबीपी जवानों ने 16 लोगों को रेस्क्यू किया

    आईटीबीपी के जवान तपोवन बांध के पास सुरंग में फंसे हुए 16-17 लोगों को बचाने में लगे हुए हैं। सभी को जवानों ने सही सलामत बाहर निकाल लिया है। 

    17:09 (IST)07 Feb 2021
    SDRF और ITBP पहले से जोशीमठ में है

    NDRF DG एस.एन.प्रधान का कहना है कि चमोली और जोशीमठ के आसपास ग्लेशियर फटने से बांध पर असर हुआ है। ग्लेशियर ऋषिगंगा पर आकर गिरा है, बीआरओ द्वारा जो ब्रिज बनाया जा रहा था उस पर भी असर हुआ है। SDRF और ITBP पहले से जोशीमठ में है। हम NDRF की 3-4 टीमों को रवाना कर रहे हैं। 

    16:28 (IST)07 Feb 2021
    मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यह कहा

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि 'कर्णप्रयाग में आज 3 बजकर 10 मिनट पर नदी में पानी की बहाव की स्थिति से साफ है कि बाढ़ की संभावना बहुत ही कम है। हमारा विशेष ध्यान सुरंगों में फंसे श्रमिकों को बचाने में है और हम सभी प्रयास कर रहे हैं. किसी भी समस्या से निपटने के सभी जरूरी प्रयास कर लिए गये हैं।'

    15:31 (IST)07 Feb 2021
    रेल मंत्री और वित्त मंत्री ने घटना पर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया

    रेल मंत्री पीयूष गोयल ने चमोली त्रासदी पर कहा कि वे भगवान से प्रार्थना करते हैं कि सभी लोग ठीक हों और किसी को चोट न आई हो। वहीं, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घटना को चौंकाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह प्राकृति आपदा है और लोगों को सभी तरह की मदद मुहैया कराई जाएगी, इस बारे में कोई सोचने वाली बात नहीं है।

    15:24 (IST)07 Feb 2021
    राहत-बचाव कार्य में मदद करेंगे भाजपा कार्यकर्ता, नड्डा ने की सीएम रावत से बात

    भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चमोली के जोशीमठ में हुई घटना को लेकर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से बात की है। उन्होंने बाढ़ के हालात की जानकारी लेने के बाद कार्यकर्ताओं को भी प्रोटोकॉल के साथ राहत-बचाव कार्य में शामिल रहने के निर्देश दे दिए हैं। इस बीच आईटीबीपी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ सेना भी मदद में जुटी है। 

    15:12 (IST)07 Feb 2021
    उत्तराखंडः कंट्रोल रूम से स्थिति की समीक्षा कर रहे अधिकारी

    चमोली में हुई घटना पर उत्तराखंड के मुख्य सचिव, आपदा सचिव और पुलिस अधिकारी लगातार कंट्रोल रूम से नजर रख रहे हैं। बताया गया है कि नंदप्रयाद के बाद अलकनंदा नदी में पानी का बहाव सामान्य पाया गया है। पहले नदी में जलस्तर एक मीटर तक बढ़ गया, पर अब यह तेजी से घट रहा है। 

    14:58 (IST)07 Feb 2021
    बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन ने मदद भेजी, 200 लोग राहत-बचाव कार्य में लगे

    बताया गया है कि इस घटना के बाद उत्तराखंड की सीमा पर निर्माण कार्य में लगे बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन के कर्मचारी भी राहत-बचाव कार्य के लिए चमोली भेजे गए हैं। करीब 200 कर्मी जोशीमठ पहुंच गए हैं। इसके अलावा बीआरओ ने अपनी जेसीबी और अन्य मशीनें भी मदद के लिए भेजी हैं। इस टीम के राहत-बचाव टीमों के लिए एक पुल का निर्माण करने की भी सूचना है।

    14:43 (IST)07 Feb 2021
    हालात का जायजा लेने जोशीमठ पहुंचे उत्तराखंड सीएम

    सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत घटना का जायजा लेने जोशीमठ पहुंच गए। उन्होंने यहा बिजली कंपनी को हुए नुकसान की जानकारी हासिल की। साथ ही गृह मंत्री अमित शाह से चर्चा की बात कही। 

    14:30 (IST)07 Feb 2021
    नित्यानंद राय आपदा प्रबंधन टीम के कंट्रोल रूम से रख रहे घटना पर नजर

    गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर दुख जताते हुए कहा, "मेरी मुख्यमंत्री जी से बात हुई वे घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। नरेंद्र मोदी सरकार इस संकट के समय में उत्तराखंड के लोगों के साथ खड़ी है। हमारे साथ गृह राज्यमंत्री आपदा प्रबंधन टीम के साथ कंट्रोल रूम में बैठकर पूरी घटना की समीक्षा कर रहे हैं। कुछ लोगों के हताहत होने की सूचना है। लेकिन मैं उम्मीद करता हूं कि बहुत कम समय में हम व्यवस्था को सुचारू रूप से शुरू करने में कामयाब होंगे। उत्तराखंड को जो भी मदद की जरूरत होगी, केंद्र सरकार वह करेगी।" 

    14:16 (IST)07 Feb 2021
    एयरफोर्स अधिकारी बोले- जितनी जरूरत होगी, उतने एयरक्राफ्ट भेजेंगे

    इस बीच भारतीय एयरफोर्स के अधिकारियों ने कहा है कि देहरादून में वायुसेना के तीन चॉपर, जिनमें दो एमआई-17 और एक ALH ध्रुव चॉपर शामिल हैं। अफसरों का कहना है कि राहत-बचाव कार्यों के लिए बाढ़ग्रस्त इलाकों में इन एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा जितनी जरूरत होगी, वायुसेना उतने एयरक्राफ्ट भेजेगी। 

    14:07 (IST)07 Feb 2021
    पीएम मोदी बोले- पूरी घटना पर बनी है नजर

    चमोली के जोशीमठ में हुई घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया। उन्होंने कहा, "मैं लगातार उत्तराखंड में हुई इस घटना पर नजर बनाए हूं। पूरा भारत उत्तराखंड के साथ खड़ा है और देश सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा है। लगातार उच्च अधिकारियों से बातचीत हो रही है और एनडीएआरएफ की तैनाती और राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली जा रही है।"