खुफिया ब्यूरो (आइबी) के प्रमुख राजीव जैन और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के प्रमुख अनिल के धस्माना को छह-छह महीने का सेवा विस्तार मिला है। इन दोनों के दो साल के कार्यकाल इस महीने के अंत में खत्म हो रहे थे। केंद्रीय कार्मिक व प्रशिक्षण मंत्रालय ने इस आशय का आदेश जारी किया है।
राजीव जैन का कार्यकाल 30 दिसंबर को और धस्माना का कार्यकाल 29 दिसंबर को खत्म होने वाला है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों एजंसियों के प्रमुखों के कार्यकाल विस्तार का फैसला अगले आम चुनाव के मद्देनजर किया गया है। दोनों के उत्तराधिकारियों के बारे में अगले आम चुनाव के बाद गठित होने वाली सरकार फैसला लेगी। अनिल धस्माना अरसे से रॉ का नेतृत्व कर रहे हैं। रॉ विदेशी खुफिया जानकारी इकट्ठा करती है। मध्यप्रदेश कैडर से 1981 बैच के अधिकारी धस्माना पिछले 23 साल से रॉ में हैं। इस दौरान वह पाकिस्तान डेस्क सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे।
झारखंड के 1980 बैच के आइपीएस अधिकारी जैन को 30 दिसंबर 2016 को दो साल के लिए आइबी निदेशक नियुक्त किए गए थे। राष्ट्रपति के पुलिस पदक विजेता जैन संवेदनशील कश्मीर डेस्क सहित आइबी के कश्मीर डेस्क समेत कई विभागों में रह चुके हैं। वह पूर्ववर्ती राजग सरकार के कश्मीर पर वार्ताकार केसी पंत के सलाहकार थे, जब शब्बीर शाह जैसे अलगाववादी नेताओं के साथ वार्ता हुई थी।
