सरकार ने चुनाव आयोग में खाली पड़े चुनाव आयुक्त के पद पर नियुक्ति कर दी है। मध्य प्रदेश कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी ओमप्रकाश रावत नए चुनाव आयुक्त नियुक्त किए गए हैं। कानून मंत्रालय की तरफ से इसकी गुरुवार को घोषणा की गई। रावत 1977 बैच के रिटायर अफसर हैं।
चुनाव आयोग में एक मुख्य चुनाव आयुक्त और दो चुनाव आयुक्तों की व्यवस्था है। फिलहाल नसीम जैदी मुख्य चुनाव आयुक्त हैं। आयुक्त का एक पद काफी समय से खाली चल रहा था। नियुक्ति में देरी के कारण सरकार की आलोचना भी हो रही थी।
चुनाव आयुक्त का कार्यकाल पांच वर्ष होता है। पर वह 65 वर्ष तक ही इस पद पर रह सकते हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त वरिष्ठ चुनाव आयुक्त को ही नियुक्त किया जाता है।
1991 तक चुनाव आयोग एक सदस्यीय होता था। तब टीएन शेषन मुख्य चुनाव आयुक्त थे। पीवी नरसिंह राव सरकार को उनके फैसले नागवार गुजरे तो उसने आयोग को तीन सदस्यीय बना दिया। शेषन ने मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद कहा था कि वे भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं। बकौल शेषन उनसे पहले के मुख्य चुनाव आयुक्त अपने को भारत सरकार का मुख्य चुनाव आयुक्त समझते थे।