यूपी की राजधानी लखनऊ में रविवार दोपहर में एक आईएएस अधिकारी की 42 वर्षीय पत्नी का शव उनके आवास पर रहस्यमय परिस्थितयों में पाया गया। महिला की छाती पर गोली के निशान थे। पुलिस को आशंका है कि आईएएस अधिकारी की पत्नी अनिता सिंह ने खुद को अपने पति की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार ली है।
अनिता सिंह के पति उमेश प्रताप सिंह राज्य शहरी विकास एजेंसी में निदेशक हैं। अनिता सिंह की लाश के पास किसी भी तरह का कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस इस मामले में अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उमेश प्रताप चिनहट के विकल्प खंड क्षेत्र में रहते हैं।
चिनहट पुलिस स्टेशन के एसएचओ सचिन कुमार सिंह ने कहा कि हमें संदेह है कि महिला ने आत्महत्या की है। सिंह के अनुसार कुछ समय से महिला का झुकाव आध्यात्म की तरफ हो गया था। वह हरिद्वार जाकर वहीं रहना चाहती थीं। जबकि उनका परिवार उनके हरिद्वार जाकर रहने के निर्णय के पक्ष में नहीं था।
लखनऊ के एसपी (नॉर्थ) सुकृति माधव ने कहा कि दोपहर 2.30 बजे जब घटना हुई तो उस समय घर में दो नौकर विकास और तुलसीराम मौजूद थे। एसपी ने बताया कि परिवार ने अनिता के कमरे से गोली की आवाज सुनी। अनिता का कमरा दूसरी मंजिल पर है। गोली की आवाज सुनकर उमेश और उनके नौकर दूसरी मंजिल पर पहुंचे।
अनिता का कमरा अंदर से बंद था। इसके बाद उन लोगों ने अनिता के कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर जाने पर देखा कि अनिता खून से लथपथ सोफे पर गिरी पड़ी है। उसकी छाती पर गोली का निशान था। अनिता के शव के पास ही उनके पति के .32 बोर की पिस्टल गिरी हुई थी। शव के पास ही टेबल पर कालीमाता की तस्वीर भी मौजूद थी।
अनिता को पास के लोहिया अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने आईएएस की पत्नी अनिता को मरा हुआ घोषित कर दिया। एसपी माधव ने कहा कि हमें कुछ एंटी डिप्रेशन दवाएं भी मिली है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।