Maharashtra Assembly Elections 2024: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर राजनीतिक घटनाक्रम तेज हो गया है। इसी बीच शिवसेना यूबीटी के नेता अरविंद सांवत ने शिंदे गुट की उम्मीदवार शाइना एनसी को लेकर विवादित बयान दिया है। अरविंद सावंत ने शाइना एनसी के चुनाव लड़ने पर सवाल किया और कहा कि हमारे यहां पर चुनाव में इम्पोर्टेड माल नहीं चलता है। इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और शाइना ने भी उनके इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि महिला हूं, माल नहीं।
शिवसेना यूबीटी के सांसद अरविंद सावंत ने महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवार अमीन पटेल के लिए प्रचार करते समय कहा था कि उनकी हालत देखिए, वो जिदंगी भर भारतीय जनता पार्टी के साथ में रहीं और उनको टिकट शिंदे सेना से मिला। यहां पर इम्पोर्टेड नहीं चलेगा। यहां पर इम्पोर्टेड माल नहीं चलता है। हमारे यहां पर असली माल चलता है। अमीन पटेल ही असली उम्मीदवार हैं।
शाइना एनसी ने किया पलटवार
अरविंद सावंत के बयान का शाइना एनसी ने सख्त लहजे में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि एक सक्षम महिला, एक पेशेवर महिला जो अपने दम पर 20 साल से राजनीति में हैं। आप उसके लिए ‘माल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। उससे हर कोई समझ सकता है कि आपकी मानसिक स्थिति क्या है।
महाराष्ट्र की महिलाएं कभी भी ठाकरे ग्रुप को वोट नहीं देंगी। अगर आप महिलाओं का सम्मान करेंगे तो आपका भी सम्मान होगा। शाइना एनसी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आप महिलाओं को सामान कहेंगे तो देखिए 20 तारीख को आपका क्या होगा।
अपने बयान पर अरविंद सावंत ने दी सफाई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपने बयान पर बाद में शिवसेना यूबीटी के सांसद ने सफाई भी दी है। उन्होंने कहा कि पिछले 50 साल के करियर में ऐसा कोई पुरुष नहीं होगा जो महिलाओं का मेरे जितना सम्मान करता हो। मैं कभी भी किसी के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल नहीं करता हूं। बाकी सवाल उस बयान के बारे में है, वो हिंदी में बयान है। माल शब्द को अंग्रेजी में Goods कहा जाता है। शायना एनसी मेरी पुरानी दोस्त हैं। वे मेरी दुश्मन नहीं हैं। लेकिन सवाल ये है कि उन्हें ये नैरेटिव सेट करना किसने सिखाया। मैंने कभी किसी महिला का अपमान नहीं किया है और न ही करूंगा।