हैदराबाद में 41 वर्षीय महिला ने दो बेटियों की गला रेतकर कर दी। पुलिस के मुताबिक, महिला को शक था कि उसका पति बड़ी बेटी का यौन शोषण कर रहा था। महिला का नाम रजनी बताया जा रहा है। उसकी बड़ी बेटी 8 वर्ष की थी, जबकि छोटी की उम्र 3 साल बताई जा रही है। दोनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई।
तुकारामगेट थाने के निरीक्षक टी लक्ष्मी नारायण ने बताया कि टीचर्स कालोनी निवासी रजनी ने अपने घर पर कांच की एक बोतल तोड़कर दोनों नाबालिग बेटियों का गला काट दिया और घर से चली गई। महिला का पति विनय रात को साढ़े नौ बजे जब घर पहुंचा तो उसने पत्नी को वहां नहीं पाया और दोनों बेटियों के शव खून से लथपथ बेडरूम में पड़े हुए देखे। इसके बाद विलय ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद महिला ने अपने हाथ पैर धोए और वापस घर आ गई और पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। पूछताछ के दौरान उसने दोनों बेटियों की हत्या की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। महिला को संदेह था कि उसका पति एलकेजी में पढ़ने वाली उसकी आठ वर्षीय बड़ी बेटी का पिछले छह महीने से यौन उत्पीडन कर रहा था। इसे लेकर महिला ने अपने पति से बात भी की थी, लेकिन विनय ने इससे इनकार कर दिया था। पुलिस ने बताया कि महिला को यह देखकर अपने पति पर संदेह हुआ था कि बड़ी बेटी पिता को देखते ही डर जाती थी। उसे ऐसा लगता था कि उसका पति बड़ी बेटी का यौन उत्पीड़न करता था।