आम आदमी पार्टी के नेता और सुप्रीम कोर्ट के वकील एचएस फूलका ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से भारत रत्न वापस लेने की मांग की है। शनिवार (20 अगस्त) को अपनी बात कहते हुए फूलका ने राजीव गांधी को सिख विरोधी दंगों को के लिए जिम्मेदार भी बताया। उन्होंने 1984 में राजीव गांधी के बयान का जिक्र भी किया। उस बयान में राजीव गांधी ने कहा था, ‘जब भी कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।’ इस भाषण का जिक्र करते हुए फूलका ने कहा कि ऐसा बयान देने वाले को पीएम को भारत रत्न नहीं दिया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि पंजाब का सिख समुदाय कांग्रेस से नाराज है। यह नाराजगी कमलनाथ को पंजाब का इंचार्ज बनाने को लेकर है। हालांकि, उन्होंने बाद में कमलनाथ ने खुद इस्तीफा दे दिया था। उनपर 1984 के सिख दंगों में शामिल होने का आरोप है। वहीं शनिवार को ही पश्चिम बंगाल कांग्रेस के एक ट्वीट ने पार्टी को शर्मिंदा कर दिया था। इस ट्वीट में 1984 के दंगों के दौरान दिए गए राजीव गांधी के विवादित बयान को ट्वीट किया गया। हालांकि बाद में जब मामला उछला तो ट्वीट डिलीट कर दिया गया। लेकिन कांग्रेस नेता अब जवाब देने से बचते नजर आ रहे हैं। इस ट्वीट में लिखा, ”जब बड़ा पेड़ गिरता है तो जमीन हिलती है। #भारतरत्‍नराजीवगांधी।” कल ही पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती भी थी।

राजीव गांधी ने यह बयान पूर्व पीएम और अपनी मां इंदिरा गांधी की हत्‍या के बाद भड़के सिख दंगों के संबंध में दिया था। उनके इस बयान को सिख दंगों को जायज ठहराने के रूप में देखा जाता है। राजीव गांधी के गुजर जाने के कई साल भी उनका यह बयान कांग्रेस के लिए परेशानी बढ़ा रहा है। पश्चिम बंगाल कांग्रेस के ट्वीट के बाद विपक्ष ने उन पर हमला बोल दिया है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस एक बार फिर लोगों के जख्‍मों को हरा करने में लगी है।

Read Also: राजीव गांधी के विवादित बयान को ट्वीट करने के बाद कांग्रेस की किरकिरी, बाद में किया डिलीट