India Today- C Voter Survey: अगले साल देश में लोकसभा चुनाव होने हैं। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कई चैनल्स देश का मूड जानने के लिए सर्वे कर रहे हैं। अब इंडिया टुडे और सी-वोटर ने मिलकर जनता का मिजाज जानने के लिए एक सर्वे किया है। न्यूज चैनल आजतक पर दिखाए गए प्रोग्राम में बताया गया कि इंडिया टुडे और सी वोटर का यह सर्वे 543 लोकसभा क्षेत्रों में किया गया है। इस सर्वे का सैंपल साइज 25,951 है और ये सर्वे इस साल 15 जुलाई से 14 अगस्त के बीच किया गया है।
कितने लोग मोदी सरकार के कामकाज से संतुष्ट हैं?
इंडिया टुडे और सी-वोटर के सर्वे में जब लोगों से यह सवाल किया गया तो 59 फीसदी लोगों ने खुद को मोदी सरकार के कामकाज से संतुष्ट बताया जबकि 19 फीसदी लोग सरकार के काम से खुश नहीं थे।
सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है?
देश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में हुए इस सर्वे में लोगों से मोदी सरकार की उपबल्धि को लेकर सवाल किया गया तो 21 फीसदी लोगों ने माना कि कोविड महामारी से निपटना सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। 13 फीसदी लोगों ने भ्रष्टाचार रहित सरकार, 12 फीसदी लोगों ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 की विदाई, 11 फीसदी लोगों ने राम मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, 6 फीसदी लोगों ने कल्याणकारी योजनाओं और 7 फीसदी लोगों ने आधारभूत सुविधाओं को सरकार की उपलब्धि बताया।
किस मोर्चे पर विफल रही नरेंद्र मोदी सरकार?
इंडिया टुडे और सी-वोटर के सर्वे में 25 फीसदी लोगों ने महंगाई को सरकार की सबसे बड़ी नाकामी बताया। 17 फीसदी लोगों ने बेरोजगारी, 12 फीसदी लोगों ने आर्थिक विकास, 9 फीसदी लोगों ने कोविड महामारी से निपटने के तरीके, 3 फीसदी लोगों ने नोटबंदी और 5 फीसदी लोगों ने सांप्रदायिक हिंसा को मोदी सरकार की नाकामी बताया।
क्या है देश की सबसे बड़ी समस्या?
सर्वे के दौरान 24 फीसदी लोगों ने कहा कि महंगाई देश की सबसे बड़ी समस्या है। 24 फीसदी लोगों ने बेरोजगारी, 8 फीसदी लोगों ने पारिवारिक इनकम, 5 फीसदी लोगों ने भ्रष्टाचार औ 5 फीसदी लोगों ने कृषि संकट को देश की सबसे बड़ी समस्या बताया।
