क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू ने राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद से अपने पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि उनके AAP में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने भी सिद्धू को पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है। इन सब के बीच सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर का मानना है कि उनके लिए कांग्रेस आदर्श राजनीतिक डिस्टिनेशन (विकल्प) नहीं है। सिद्धू ने एनडीटीवी से कहा, ‘कांग्रेस कैसे हमारे लिए विकल्प हो सकता है? जब आप ईमानदारी की बात करते हैं, पंजाब में बदलाव की बात करते हैं और पंजाब को बचाने की बात की बात करते हैं तो निश्चित रूप से अमरिंदर सिंह को उस जगह पर नहीं रख सकते हैं।
सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने आम आदमी पार्टी की प्रशंसा करते हुए संकेत दिया। उन्होंने कहा कि आप का मेनिफेस्टो वॉलेंटियर्स, बुद्धजीवियों द्वारा तैयार किया जाता है। मैं इसकी सराहना करती हूं लेकिन लोगों का हित जरुरी है। इससे पहले से सिद्धू के आम आदमी पार्टी में शामिल होने की चर्चाएं तेज हैं। महीने की शुरुआत में दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके बताया था कि उनकी पार्टी सिद्ध के शामिल होने का इंतजार कर रही है। पिछले हफ्ते सिद्धू मुझसे मिले थे, उन्होंने किसी तरह की प्री-कंडीशन नहीं रखी। उन्होंने सोचने के लिए कुछ समय जरुर मांगा था।
बता दें कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बीजेपी से नाराज चल रहे नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस में शामिल होने का न्योता दिया था। सिंह ने कहा है कि कांग्रेस में सिद्धू का स्वागत है। उन्होंने कहा, ”सिद्धू पुराने कांग्रेस परिवार से ताल्लुक रखते हैं क्योंकि उनके पिता पार्टी के सदस्य हैं। उनके (सिद्धू) के भीतर कांग्रेस का डीएनए है। हम कांग्रेस में उनके लिए बड़ी भूमिका तलाश सकते हैं।
