पारंपरिक हॉर्न और लॉग ड्रमों की आवाज के बीच नगालैंड के नगा धरोहर गांव किसामा में रंगारंग प्रस्तुति के साथ मंगलवार को प्रसिद्ध हॉर्नबिल फेस्टिवल शुरू हो गया। असम और नगालैंड के राज्यपाल पीबी आचार्य ने मुख्यमंत्री टीआर जेलियांग और हजारों विदेशी और घरेलू पर्यटकों की मौजूदगी में 10 दिन के महोत्सव के शुरुआत की घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘नगालैंड जैवविविधता जैव और वनस्पति दोनों के लिहाज से बहुत समृद्ध है। इस जैवविविधता से सुनिश्चित होगा कि राज्य में पर्यटन और निवेश दोनों आएं।’ राज्यपाल ने कहा कि फेस्टिवल का उद्देश्य नगा लोगों की विशिष्ट सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध परंपराओं को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री जेलियांग ने अपने संबोधन में कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लड़ाई हाथ में लेते हुए सरकार ने इस उत्सव को पर्यावरण अनुकूल बनाने का फैसला किया है। इसलिए सभी उद्देश्यों के लिए जैविक रूप से नष्ट होने वाली सामग्री का इस्तेमाल करने का नियम बना दिया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री दोनों ने राज्य के लोगों को शांतिपूर्ण और खुशनुमा उत्सव की शुभकामनाएं दीं और पर्यटकों व आगंतुकों से नगा लोगों की गर्मजोशी से भरे आतिथ्य का अनुभव करने को कहा।