कोविड महामारी के संकट के बीच सेंट्रल विस्टा परियोजना को आगे बढ़ाए जाने को लेकर कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेता सवाल उठा चुके हैं। इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने भी इसको लेकर एक ट्वीट किया है। जिसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने शेयर किया है।

गुहा ने लिखा “अप्रैल 2020 में, मैंने आग्रह किया था कि सेंट्रल विस्टा परियोजना को समाप्त कर दिया जाए और इसे आवंटित धनराशि को राज्यों को वितरित की जाए ताकि वे महामारी से लड़ सकें। यह परियोजना कितनी अधिक क्रूर और मारक है।” गुहा के इस ट्वीट को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने शेयर किया है।

दिग्विजय ने ट्वीट शेयर कर लिखा “राम मैं आपसे सहमत हूँ। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के लिए संसदीय स्थायी समिति के सदस्य के रूप में मैंने अध्यक्ष से केंद्रीय विस्टा परियोजना को लेकर सवाल किए थे। मैंने अध्यक्ष से इस परियोजना के तहत बनने वाले नए संसद भवन और नए पीएम आवास के बारे में जानकारी देने के लिए कहा था, लेकिन मैं अध्यक्ष को मनाने में विफल रहा।”

दिग्विजय ने एक अन्य ट्वीट में कहा “हमने वेंडर्स एक्ट को डिस्कस करने के लिए कई मीटिंग की, जो जरूरी थीं। लेकिन सरकार हमें केंद्रीय विस्टा के बारे में कुछ बताने को राजी ही नहीं है। इस परियोजना पर कई सवाल उठे हैं और इस समय इसकी क्या ज़रूरत है।”

गुहा के इस ट्वीट पर यूजर्स भी अपनी प्रतिकृया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा “अगर निर्माण के सभी प्रोजेक्ट बंद कर देंगे तो मजदूरों का क्या होगा जिनकी रोज़ी इसी से चलती है।” एक यूजर ने लिखा “सिर्फ इसलिए कि मोदी इस परियोजना का निर्माण कर रहे हैं, आप लोगों को इतनी समस्या हो रही है। कृपया इस तथ्य को स्वीकार करें कि गैर गांधी परिवार के कुछ लोग ही कुछ बदलाव ला सकते हैं।”