Hindi News Today, 08 March 2019: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में शुक्रवार (आठ मार्च, 2019) को लगभग सात घंटे पूछताछ की। यह मामला विदेशों में अवैध संपत्ति की खरीद से जुड़ा हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वाड्रा से दिन भर पूछताछ चली। वह मध्य दिल्ली के जामनगर हाउस स्थित एजेंसी के कार्यालय में मामले के जांच अधिकारी (आईओ) के सामने उपस्थित हुए।

वाड्रा से इस मामले में पहले भी कई बार पूछताछ की गई है। इसके अलावा, उनसे जयपुर में भी पूछताछ की गई थी, जहां मनी लॉन्ड्रिंग के एक अन्य मामले की ईडी जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी दिल्ली में दस्तावेजों और मामले के अन्य आरोपियों के बयानों से आमना – सामना करा रही है तथा उनका बयान धन शोधन निवारण कानून (पीएमएलए) की धारा 50 के तहत दर्ज किया जा रहा है।

बता दें कि दिल्ली की एक अदालत ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में दिल्ली में चल रही जांच के मामले में उनकी अंतरिम जमानत 19 मार्च तक के लिए बढ़ा दी है। वाड्रा के खिलाफ ईडी का मामला लंदन स्थित एक प्रापर्टी की खरीद में धन शोधन के आरोपों से संबद्ध है। यह प्रापर्टी 12, ब्रायंस्टन स्क्वायर पर स्थित है और इसकी कीमत 19 लाख पौंड है, जिसे कारोबारी (वाड्रा) ने कथित तौर पर बेनामी तरीके से हासिल किया था। हालांकि, वाड्रा ने इन आरोपों से इन्कार किया है।

Live Blog

Highlights

    22:14 (IST)08 Mar 2019
    सोनाक्षी सिन्हा की गिरफ्तारी पर रोक

    इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने एक कार्यक्रम आयोजक के साथ कथित धोखाधड़ी के मामले में दायर एफआईआर के संबंध में फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की गिरफ्तारी पर शुक्रवार को रोक लगा दी। सोनाक्षी और चार अन्य लोगों के खिलाफ यह एफआईआर प्रमोद शर्मा नाम के व्यक्ति ने 22 फरवरी, 2019 को मुरादाबाद के कटघर पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। एफआईआर में उसने आरोप लगाया था कि सोनाक्षी ने दिल्ली में 30 सितंबर, 2018 को एक कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी थी और इसके लिए उसने 37 लाख रुपये लिए थे।

    हालांकि, फिल्म अभिनेत्री ने अंतिम क्षण में आने से मना कर दिया जिसकी वजह से कार्यक्रम आयोजक शर्मा को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। सोनाक्षी द्वारा दायर रिट याचिका का निस्तारण करते हुए न्यायमूर्ति नहीद अरा मुनीस और न्यायमूर्ति विरेंद्र कुमार श्रीवास्तव की पीठ ने निर्देश दिया कि पुलिस द्वारा इस मामले की जांच रिपोर्ट सौंपे जाने तक अभिनेत्री को गिरफ्तार नहीं किया जायेगा। हालांकि, अदालत ने फिल्म अभिनेत्री की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए यह निर्देश भी दिया कि सोनाक्षी जांच में सहयोग करेंगी और जांच में सहयोग के लिए जब भी बुलाया जाएगा, वह पेश होंगी।

    22:13 (IST)08 Mar 2019
    BJP ने सांसद विक्रम उसेंदी को बनाया छत्तीसगढ़ इकाई का मुखिया

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पार्टी के सांसद विक्रम उसेंदी को अपनी छत्तीसगढ़ इकाई का प्रमुख बनाने की घोषणा की। पार्टी द्वारा जारी बयान में यह जानकारी देते हुए बताया गया कि उसेंदी कांकेर से लोकसभा सदस्य हैं। वह धर्मलाल कौशिक का स्थान लेंगे। यह कदम लोकसभा चुनावों के ठीक पहले उठाया गया है। बयान में बताया गया कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सांसद विक्रम उसेंदी को पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई का प्रमुख नियुक्त किया है।

    21:20 (IST)08 Mar 2019
    BJP संग दोबारा गठजोड़ करने के CM नीतीश के तरीके से सहमत नहीं हैं प्रशांत किशोर

    जद (यू) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कहा है कि वह भाजपा के साथ दोबारा गठजोड़ करने के अपनी पार्टी के अध्यक्ष नीतीश कुमार के तरीके से सहमत नहीं हैं। महागठबंधन से निकलने के बाद भगवा पार्टी नीत राजग में शामिल होने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री को आदर्श रूप से नए सिरे से जनादेश हासिल करना चाहिए था।

    किशोर ने एक समाचार पोर्टल के साथ साक्षात्कार में यह बात कही। पोर्टल ने गुरुवार को एक घंटे से अधिक का वीडियो अपलोड किया। उनके बयान से उनकी अपनी ही पार्टी में नाराजगी है क्योंकि यह साक्षात्कार शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वाइरल हो गया। बहरहाल, साक्षात्कार में किशोर ने इस बात को रेखांकित किया कि नेताओं का पाला बदलना कोई नयी बात नहीं है।

    21:16 (IST)08 Mar 2019
    मथुरा में बरसाने की लट्ठमार होली 15 मार्च को

    उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के बरसाना कस्बे में खेली जाने वाली लट्ठमार होली का आयोजन 15 मार्च को होगा। अगले दिन इसी प्रकार की लट्ठमार होली नन्दगांव में मनाई जाएगी। राज्य पर्यटन विभाग इस वर्ष भी होली के इस अद्भुत आयोजन को पहले से भी अधिक आकर्षक बनाने के लिए यहां दो दिन तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। जिला प्रशासन ने इस अवसर पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज और यातायात पुलिस अधीक्षक डा. ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि होली मेले में आने वाले वाहनों की व्यवस्था बनाए रखने के लिए बरसाना में लड्डू-होली से एक दिन पूर्व (13 मार्च) की शाम से ही बाहरी वाहनों का प्रवेश र्विजत कर दिया जाएगा तथा वाहनों को जगह-जगह बनाए गए पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाएगा।

    उन्होंने बताया, ‘‘किसी भी अवांछित गतिविधि से निपटने के लिए पूरे मेला परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सीसीटीवी नेटवर्क तथा ड्रोन कैमरों से भी मेले पर नजर रखी जाएगी।’’

    20:25 (IST)08 Mar 2019
    स्टालिन का हमला- PM राफेल के दस्तावेजों की रक्षा नहीं कर सकते तो देश कैसे करेंगे?

    द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन ने राफेल सौदे से जुड़े दस्तावेज रक्षा मंत्रालय से ''"चोरी" होने के सरकार के बयान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और यह बताने के लिये कहा कि जब वह दस्तावेजों की रक्षा नहीं कर सकते तो देश की रक्षा कैसे कर सकते हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि इसीलिये भाजपा के खिलाफ विपक्ष ने हाथ मिलाया है।

    उन्होंने भाजपा के खिलाफ महागठबंधन का जिक्र करते हुए कहा, "मेरा सवाल है कि मोदी जो दस्तावेजों की रक्षा नहीं कर सकते वह देश की रक्षा कैसे कर सकते हैं? इसीलिये यह गठबंधन किया गया है।" स्टालिन सुप्रीम कोर्ट में सरकार के उस कथन पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें सरकार ने कहा था कि रक्षा मंत्रालय से राफेल विमान सौदे से जुड़े दस्तावेज चोरी हो गए हैं।

    20:19 (IST)08 Mar 2019
    नहीं छूटा राजनीति से नाता, अखिलेश ने कन्नौज से फिर डिंपल को उतारा

    समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी इस बार के लोकसभा चुनाव में भी कन्नौज सीट से लड़ेंगी। (एक्सप्रेस फोटो)

    19:48 (IST)08 Mar 2019
    AAP विधायक के ठिकानों पर छापा, दो करोड़ संग धराए!

    दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक नरेश बाल्यान के ठिकानों पर शुक्रवार (आठ मार्च, 2019) को आयकर विभाग ने छापेमारी की। आईटी विभाग से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह जानकारी न्यूज एजेंसी एएनआई ने दी है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि आप विधायक को आईटी अधिकारियों ने दो से तीन करोड़ रुपए के साथ पकड़ा। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। 

    19:07 (IST)08 Mar 2019
    'सेना के पराक्रम को नीचा दिखाने वालों को नहीं आती शर्म'

    वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि हमारे देश में ही सेना के पराक्रम को नीचा दिखाने के दिन-रात प्रयास हो रहे हैं। ऐसे लोगों को शर्म आनी चाहिए, लेकिन उनको शर्म नहीं आती। शुक्रवार को वह उत्तर प्रदेश के कानपुर में थे। निराला नगर मैदान में कई विकास योजनाओं का शिलान्यास करने के बाद जनसभा में वह बोले कि गुरुवार को जम्मू में जो (बस स्टैंड के पास ग्रेनेड हमला) हुआ, वह आतंकियों की बौखलाहट थी।

    पीएम के मुताबिक, "क्या यह सेना का अपमान नहीं है, वीरों के पराक्रम का अपमान नहीं है। कुछ लोग यह काम जानबूझकर कर रहे है।" मोदी ने कहा कि "राजनीतिक स्वार्थ के लिये ये लोग जिस प्रकार की बयानबाजी कर रहे है, इससे देश के दुश्मनों को ताकत मिल रही है। स्वार्थ की राजनीति के चलते मोदी विरोध के कारण हमारे राजनीतिक विरोधी जो बयानबाजी कर रहे है उसका लाभ आतंकियो के सरपरस्त उठा रहे है।"

    18:49 (IST)08 Mar 2019
    तेलंगाना में चुनाव प्रचार अभियान का शनिवार को आगाज करेंगे राहुल

    कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तेलंगाना में लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। राज्य में तीन महीने पहले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने खराब प्रदर्शन किया था। तेलंगाना में एआईसीसी के पार्टी मामलों के प्रभारी आर सी खुंटिया ने शुक्रवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि कांग्रेस प्रमुख बूथ समिति के सदस्यों को संबोधित करेंगे।

    कांग्रेस ने सात दिसंबर 2018 के विधानसभा चुनाव में 119 सदस्यीय सदन में केवल 19 सीटें ही हासिल की थी और तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) 88 सीटों के साथ सत्ता में लौटी। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), भाकपा और तेलंगाना जन समिति (टीजेएस) के साथ ‘‘प्रजाकुटामी’’ विपक्षी गठबंधन बनाया था।

    18:07 (IST)08 Mar 2019
    कांग्रेस छोड़ BJP में जवाहर चावड़ा शामिल

    लोकसभा चुनाव से पहले गुजरात में कांग्रेस के दामन छोड़ने वाले विधायक जवाहर चावड़ा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। शुक्रवार शाम गांधीनगर स्थित बीजेपी दफ्तर में उनके इस कदम पर चावड़ा का मुंह मीठा कराया गया।

    18:07 (IST)08 Mar 2019
    चुनावी मैदान में रहेंगी सोनिया तो प्रचार में ताकत झोकेंगी प्रियंका

    कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव में रायबरेली से शीर्ष नेता सोनिया गांधी को एक बार फिर उम्मीदवार बनाकर न सिर्फ उनके स्वास्थ्य एवं सक्रिय राजनीति से अलग होने की अटकलों पर विराम लगाया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इस बार चुनाव न लड़कर पूरी तरह प्रचार पर ध्यान केंद्रित करेंगी। दरअसल, कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची में उत्तर प्रदेश के लिए 11 नामों की घोषणा की गई जिनमें सोनिया और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम प्रमुख हैं। ये दोनों अपनी परंपरागत सीटों रायबरेली और अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। पिछले कुछ समय से इस तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं कि स्वास्थ्य कारणों के चलते शायद सोनिया 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ें और उनकी जगह प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव लड़ें। लेकिन सोनिया के राययबरेली से लगातार पांचवीं बार चुनाव लड़ने से इन अटलों पर विराम लग गया।

    17:26 (IST)08 Mar 2019
    एयर स्ट्राइक के सबूत मांगने वालों को राजनाथ का करारा जवाब

    गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बालाकोट एयर स्ट्राइक के सबूत मांगने वालों को करारा जवाब दिया है। शुक्रवार (आठ मार्च, 2019) को उन्होंने राजस्थान के ब्यावर में एक जनसभा के दौरान कहा- अरे, संख्या पूछते हो आप कि कितने मारे (आतंकी) गए? संख्या पूछने वालों से कहना चाहता हूं कि जो युद्धवीर होता है, वह मारे गए लोगों की गिनती नहीं करता है।

    16:40 (IST)08 Mar 2019
    राजस्थानः बीकानेर में IAF का मिग-21 क्रैश, पायलट बाल-बाल बचा

    बीकानेर स्थित शोभा सर की धानी इलाके में शुक्रवार दोपहर भारतीय वायु सेना (आईएएफ) का मिग विमान क्रैश हो गया। न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से टीवी रिपोर्ट्स में बताया गया- हादसे के बाद पायलट बिल्कुल सुरक्षित है। एएनआई के मुताबिक, मिग-21 रूटीन मिशन पर था। घटना के बाद पायलट उससे सही-सलामत बाहर निकल गया। हादसे की जांच एक कर्नल को सौंपी गई है।

    16:18 (IST)08 Mar 2019
    अयोध्या विवादः मध्यस्थता पैनल में श्रीश्री रविशंकर की नियुक्ति पर ओवैसी ने उठाए सवाल

    सुप्रीम कोर्ट द्वारा अयोध्या विवाद सुलझाने के लिए गठित किए गए मध्यस्थता पैनल में श्री श्री रविशंकर की नियुक्ति पर एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने सवाल उठाए हैं। ओवैसी ने अपने बयान में कहा कि 'श्री श्री रविशंकर ने अपने एक बयान में कहा था कि यदि मुस्लिमों ने अयोध्या में अपना दावा नहीं छोड़ा तो भारत सीरिया बन जाएगा।' ओवैसी ने कहा कि यह बेहतर होता कि सुप्रीम कोर्ट किसी निष्पक्ष व्यक्ति की नियुक्ति करता। इससे पहले, कोर्ट ने राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद में मध्यस्थता को लेकर अपना फैसला सुनाया था। कोर्ट ने मध्यस्थता के लिए एक 3 सदस्यीय पैनल का गठन किया है, जिसकी अध्यक्षता जस्टिस कलीफुल्लाह करेंगे। वहीं पैनल में श्री श्री रविशंकर और श्रीराम पांचु को भी शामिल किया गया है।

    16:05 (IST)08 Mar 2019
    'अयोध्या में विवादित स्थल पर मस्जिद बनी तो करूंगा आत्मदाह'

    सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या विवाद को हल करने के लिए मध्यस्थता पैनल का गठन करने का आदेश दिया है। इस पैनल में 3 सदस्य होंगे, जिनमें जस्टिस कलीफुल्लाह, श्री श्री रविशंकर और श्रीराम पांचु शामिल हैं। मध्यस्थता के जरिए मामला सुलझाने की प्रक्रिया 4 हफ्ते में शुरु होगी और 8 हफ्ते में पूरी भी हो जाएगी। वहीं दूसरी तरफ श्री राम जन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य डॉक्टर रामविलास वेदांती ने तीखा रुख अपनाते हुए धमकी दी है कि अगर अयोध्या की धरती पर मस्जिद बनी तो वह आत्मदाह कर लेंगे।

    15:44 (IST)08 Mar 2019
    भारतीय वायुसेना का मिग-21 लड़ाकू विमान क्रैश

    भारतीय वायुसेना का मिग-21 लड़ाकू विमान आज राजस्थान के बीकानेर के नजदीक नाल इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लड़ाकू विमान का पायलट इस हादसे में सुरक्षित बचने में कामयाब हो गया। फिलहाल हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

    14:42 (IST)08 Mar 2019
    एअरसेल मैक्सिस केस में पी.चिदंबरम, कार्ति चिदंबरम को राहत

    एअरसेल मैक्सिस केस में पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी.चिदंबरम और उनके बेटे कार्ति चिदंबरम को मिली अंतरिम राहत पटियाला हाउस कोर्ट ने आगामी 25 मार्च तक बढ़ा दी है।

    14:12 (IST)08 Mar 2019
    भारतीय वायुसेना ने कविता शेयर कर पाकिस्तान पर कसा तंज

    भारतीय वायुसेना ने एक कविता शेयर कर पाकिस्तान पर तंज कसा है। इस कविता में लिखा गया है कि पाकिस्तान ने पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हमला कर अपनी सीमा लांघी है, ऐसे में हमारे लड़ाकू विमानों मिराज 2000 को पाकिस्तान की सीमा पार करनी ही थी।

    13:03 (IST)08 Mar 2019
    श्री श्री रविशंकर को मध्यस्थता पैनल में शामिल किए जाने पर असदुद्दीन ओवैसी ने उठाए सवाल

    AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित मध्यस्थता पैनल में श्री श्री रविशंकर को शामिल किए जाने पर सवाल उठाए हैं। ओवैसी ने अपने एक बयान में कहा कि 'श्री श्री रविशंकर ने अपने एक बयान में कहा था कि यदि मुस्लिमों ने अयोध्या में अपना दावा नहीं छोड़ा तो भारत सीरिया बन जाएगा।' ओवैसी ने कहा कि यह बेहतर होता कि सुप्रीम कोर्ट किसी निष्पक्ष व्यक्ति की नियुक्ति करता।

    12:20 (IST)08 Mar 2019
    BCCI ने किया नए अनुबंध का ऐलान, शिखर धवन को झटका, पंत को मिला इनाम

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने गुरुवार देर रात 2019-20 के लिए खिलाड़ियों के नए अनुबंध का ऐलान कर दिया है। नए अनुबंध के मुताबिक ए प्लस श्रेणी में सिर्फ कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह को ही रखा गया है। शिखर धवन और भुवनेश्वर कुमार को इस कैटेगरी से बाहर कर दिया गया है। वहीं ए श्रेणी में युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत की एंट्री हुई है।

    12:09 (IST)08 Mar 2019
    सपा ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, मुलायम सिंह यादव का नाम भी शामिल

    सपा ने आगामी चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में अभी सिर्फ 6 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव एक बार फिर अपनी पारंपरिक मैनपुरी सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। मैनपुरी के अलावा बंदायू, इटावा, फिरोजाबाद, राबर्ट्सगंज, बहराइच सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। 

    10:45 (IST)08 Mar 2019
    सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या विवाद में मध्यस्थता के लिए 3 लोगों का पैनल गठित किया

    अयोध्या विवाद पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आज अहम फैसला दिया। कोर्ट ने अयोध्या विवाद में मध्यस्थता के लिए 3 लोगों का एक पैनल गठित किया है। इस पैनल में धार्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, जस्टिस खलीफुल्लाह और श्रीराम पंचु का नाम शामिल है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि यह पैनल अगले 4 हफ्तों में कोर्ट के बताएं कि मामले पर क्या प्रगति हुई। 

    10:20 (IST)08 Mar 2019
    नीरव मोदी का बंगला ढहाया गया

    पंजाब नेशनल बैंक घोटाले का आरोपी और देश से फरार चल रहे नीरव मोदी का महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में अलीबाग स्थित बंगला ढहा दिया गया है। सरकार देशभर में नीरव मोदी की संपत्तियों को सीज कर नीलाम कर रही है।

    09:54 (IST)08 Mar 2019
    राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद की मध्यस्थता पर आज फैसला देगा सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट आज राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद में मध्यस्थता को लेकर अपना फैसला सुना सकता है। कोर्ट ने पिछली सुनवाई के दौरान कहा था कि 70 साल से अधिक समय से जारी अयोध्या विवाद का मध्यस्थता के जरिए सर्वमान्य समाधान निकाला जाए। कोर्ट ने कहा था कि यह जमीन का नहीं बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला है।

    09:51 (IST)08 Mar 2019
    बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समीति के सदस्य बने अनंत अंबानी

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी को बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समीति का सदस्य नियुक्त किया है।