महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बारिश से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं भी पूरी तरह से बाधित हैं। वहीं भक्ति पार्क और मैसूर कॉलोनी के बीच चलने वाली मोनोरेल अचानक बंद हो गई। यात्रियों की बड़ी संख्या भी ट्रेन के अंदर मौजूद थी। क्रेन से बचाव कार्य चलाया गया और यात्रियों को निकाला गया। सभी यात्रियों को सफलतापूर्वक निकाला गया और कुछ को प्राथमिक इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा गया।
AC बंद होने से परेशान यात्री
यह घटना मंगलवार शाम 6:15 पर हुई। जैसे ही मोनोरेल रुकी, तुरंत उसका AC भी बंद हो गया। जब कुछ देर तक AC शुरू नहीं हुआ, उसके बाद अंदर यात्री परेशान होने लगे क्योंकि उनके दम घुटने लगा था। मोनोरेल के दरवाजे बंद थे और AC भी बंद थे। ऐसे में लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। क्रेन से रेस्क्यू ऑपरेशन प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। कई यात्री शीशा तोड़कर भी बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी एजेंसियों से संपर्क में बना हुआ हूं। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों की जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी खराबी के चलते मोनोरेल फंसी है और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला जाएगा।
बीएमसी, फायर डिपार्टमेंट और पुलिस की टीमें यात्रियों को बचाने में लगी हुई हैं। एक यात्री सुनील ने कहा, “मैं शाम 5:30 बजे से ट्रेन में था। बचाव अभियान एक घंटे बाद शुरू हुआ। ट्रेन में कम से कम 500 यात्री थे। यह ट्रेन 30 मिनट के अंतराल पर आई, इसलिए पूरी ट्रेन यात्रियों से भरी हुई थी।” वहीं मोनोरेल से बचाए गए एक यात्री ने कहा, “यात्री धैर्यवान थे। ट्रेन में कई वरिष्ठ नागरिक और बच्चे है और उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन के अंदर घुटन मुख्य समस्या थी।”
मुंबई में भारी बारिश और जलभराव के कारण सेंट्रल रेलवे द्वारा 14 लंबी दूरी की ट्रेनें (7 जोड़ी) रद्द कर दी गई हैं। नीचे दिए गए लिंक में ट्रेनों के नाम दिए हुए हैं, जो रद्द हुई हैं।