हल्की बारिश और तेज धूप से पैदा हुई भारी उमस ने उत्तर और पूर्वी राज्यों के लोगों को पसीने से तरबतर कर दिया, जबकि मॉनसून पूर्व भारी बारिश से उत्तर प्रदेश की ज्यादातर नदियों का जलस्तर बढ़ गया। दिल्ली में बारिश का इंतजार जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता का स्तर 49 से 79 प्रतिशत के बीच रहने से शहर को लोगों को काफी परेशानी हुई। शहर में दक्षिणपश्चिमी मानसून के 29 जून को पहुंचने की संभावना है। अन्य तीन महानगरों- कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में अधिकतम तापमान क्रमश: 33.4 डिग्री, 32.4 डिग्री और 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मामूली से भारी बारिश से ज्यादातर नदियों में जलस्तर बढ़ गया। मुरादाबाद में 45.8 मिमी बारिश हुई, जबकि जौनपुर के मोहाना में 18 मिमी, सीतापुर में 12.4 मिमी, लखनऊ में 44.2 मिमी, बाराबंकी में 57.2 मिमी और श्रावस्ती में 36 मिमी बारिश दर्ज की गई। फतेहगढ़, कन्नौज, कानपुर देहात और मिर्जापुर में जहां गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है, वहीं मोहाना और बांदा में यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। लखनऊ में गोमती और खीरी में शारदा का जलस्तर भी बढ़ रहा है।
राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, लेकिन लोगों को अब भी लू से राहत नहीं मिली है। वहीं बिहार में हल्की बारिश से पारा थोड़ा नीचे आया है। पटना, भागलपुर और पूर्णिया में एक से पांच सेमी बारिश हुई। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश के बाद राज्य में उमस बनी हुई है। पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य स्तर के करीब रहा। हरियाणा में हिसार सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा।