हरियाणा की मनोहर लाल सरकार के खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ एक महिला कोच ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कोच का कहना है कि संदीप सिंह उसे लगातार इंस्टाग्राम पर परेशान कर रहे हैं। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मांग की है कि सरकार मामले की निष्पक्ष जांच कराए। महिला कोच का कहना है कि संदीप सिंह ने उसे घर पर बुलाकर छेड़छाड़ की। संदीप सिंह भारत की हॉकी टीम के कप्तान भी रह चुके हैं।
उधर संदीप सिंह ने कहा कि जूनियर कोच ने निराधार आरोप लगाए हैं। आरोप एक राजनीतिक दल के दफ्तर से लगाए हैं। वो खुद इसकी निष्पक्षा से जांच कराएंगे। उनका कहना है कि जूनियर एथलेटिक कोच की भी उन्होंने काफी मदद की है। हाल ही में वो उनके कैम्प ऑफिस में भी आई थी। उन्होंने उनके लिए डायरेक्टर स्पोर्ट्स को फोन किया था।
महिला कोच ने इसे लेकर एक प्रेस वार्ता भी की थी। उन्होंने कहा कि इस घटना की शिकायत के लिए वह सीएम के साथ गृह मंत्री अनिल विज के दफ्तर में शिकायत करने गईं। उनकी सुनवाई नहीं हुई इसलिए वह इनेलो नेता अभय चौटाला से मिलीं। चौटाला ने उनसे मीडिया के सामने आने के लिए कहा। कोच का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए मंत्री ने उनसे बात की। लेकिन एक ऐसा सॉफ्टवेयर इस्तेमाल किया है जिस पर चैट का रिकॉर्ड नहीं मिल सके।
महिला कोच ने शुक्रवार देर शाम पुलिस को शिकायत देने की बात कही। उनका कहना है कि जान को खतरा हो सकता है। लिहाजा खट्टर सरकार उनको सुरक्षा मुहैया कराए। कोच का कहना है कि संदीप सिंह ने उनको पहली बार एक जिम में देखा। उसके बाद वह उनको इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजने लगे। वह लगातार उनसे मिलने की बात कह रहे थे। कोच का कहना है कि वो संदीप सिंह के पास उनके कैंप दफ्तर में गईं। लेकिन वह वहां उनके साथ अभद्रता करने लगे। उधर इंडियन नेशनल लोकदल ने मांग की है कि संदीप सिंह को सरकार से बर्खास्त किया जाए।