टोल टैक्स को लेकर टोल बूथ पर होने वाली मारपीट की घटनाएं रुकती नजर नहीं आ रही हैं। हरियाणा में टोल भरने को लेकर हुए विवाद के बाद दो कार सवार लोगों ने एक सुरक्षाकर्मी को मारकर बुरी तहर घायल कर दिया। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह घटना राष्ट्रीय राज्यमार्ग 9 के पास बहादुरगढ़ की है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक सुरक्षाकर्मी की एक सफेद शर्ट वाले शख्स से बहस हो रही है। जिसके बाद वह शख्स उसे धक्का देता है और उसे मारने लगता है। इसके बाद एक और शख्स कार से उतरता है और कार चालक के जाते ही सुरक्षाकर्मी के सिर पर वार करता है। इसके बाद वह शख्स टूटे हुए टिन ड्रम को उठाकर सुरक्षाकर्मी के सिर पर मार देता है जिसके बाद सुरक्षाकर्मा वहीं गिर जाता है।

हमले में घायल हुए गार्ड की पहचान मांडौठी गांव के निवासी अनिल के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कार में सवार युवक मुफ्त में जाना चाहते थे और टोल टैक्स नहीं देना चाहते थे। घटना के बाद मौक पर मौजूद लोगों ने दो युवकों को पकड़ लिया जब दो और लोग फरार हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।इस घटना के बाद एक और बार यह स्पष्ट हो गया है कि हाईवे पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए यह काम खतरों से भरा है।


पिछले महीने गुरुग्राम में एक टोल प्लाजा पर महिला कर्माचारी के साथ भी हाथापाई का मामला सामने आया था। महिला का कहना था कि उस शख्स को बिना टोल दिए जाने से मना करने पर उसने ऐसा बर्ताव किया था। इससे पहले जून में भी एक टोल कर्माचारी के साथ बदसलूकी की घटना सामने आई थी।