Kurukshetra Firing: हरियाणा के कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में 18 मार्च से शुरू हुए 102वें 1008 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ में शनिवार सुबह गोली लगने से एक पुजारी घायल हो गया है। घायल पुजारी को इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुजारी को गोली लगने के बाद विवाद बढ़ने पर वेद पाठियों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया है।
घटिया खाना देने के आरोप में शुरू हुआ हंगामा
वेद पाठियों ने यज्ञ सम्राट पर घटिया खाना देने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू किया। बताया जा रहा है कि हंगामा बढ़ने पर यज्ञ सम्राट बाबा हरिओम के अंगरक्षक ने गोली चला दी। इसमें एक पाठी घायल हो गया। उसे स्थानीय लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
यज्ञ पाठियों ने शुरू की तोड़फोड़
पाठी को गोली लगने के बाद सभी पाठियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने पंडाल और होर्डिंग-बैनर को फाड़ना शुरू कर दिया। उनके बीच के डंडे निकाल लिए और हवा में लहराते हुए बाबा को गालियां देते हुए सड़क पर आ गए। यहां उन्होंने सड़क पर अवरोधक लगाकर जाम लगा दिया। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पाठी सड़क और केशव पार्क में लाठियां लहराते घूम रहे हैं। पुलिस की वाजरा वाहन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर खड़ी हैं।
यह भी पढ़ें-
दिल्ली में सफल तो पंजाब में किसान कैसे हो गए असफल? जानिए दोनों आंदोलन में क्या था अंतर