Haryana Elections 2019: हरियाणा और महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव के लिए प्रचार की समय सीमा खत्म हो चुकी है। प्रत्याशी अब घर-घर जाकर सघन जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं। 21 अक्टूबर को दोनों राज्यों में वोट डाले जाएंगे। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने चुनावों में जीत के लिए पूरी ताकत झोक दी है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 90 सदस्यों वाली हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पिछले 19 दिनों में बीजेपी ने कुल 285 रैलियां की हैं। इनमें से सात रैलियों को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया है। सबसे ज्यादा तचुनावी सभाएं करने वालों में राज्य के सीएम मनोहर लाल खखट्टर हैं, जिन्होंने कुल 77 चुनावी रैलियां की हैं।

बीजेपी ने राज्य में 40 से ज्यादा स्टार प्रचारकों की फौज उतारी थी। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने राज्य में कुल 5 चुनावी रैलियों को संबोधित किया है, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नौ चुनावी सभाएं की हैं। पार्टी की स्टार प्रचारक रहीं अभिनेत्री हेमामालिनी ने भी कुल 9 रैलियां की हैं, जबकि सांसद सन्नी देओल ने कुल चार रैलियां की हैं।

बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने हरियाणा में तीन सभाएं की हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी एक जनसभा हरियाणा में की हैं। बीजेपी ने इस बार कई खिलाड़ियों पर भी दांव लगाया है। इनमें रेसलर योगेश्वर दत्त, महिला रेसलर बबीता फोगाट और पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह भी शामिल हैं।

पीएम मोदी अपनी रैलियों में कांग्रेस पर हमलावर रहे हैं। अमित शाह और राजनाथ सिंह ने भी राष्ट्रवाद, अनुच्छेद 370 खत्म किए जाने और राफेल पर कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों को घेरा। राज्य में बीजेपी का मुकाबला कांग्रेस और जननायक जनता पार्टी से है। 24 अक्टूबर को चुनाव के नतीजे आएंगे।