हरियाणा चुनाव में बीजेपी की राह मुश्किल होती नजर आ रही है। पार्टी ने अभी सिर्फ अपनी पहली ही उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है और बगावती सुर बुलंद होते नजर आ रहे हैं। कई नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है, कई निर्दलीय मैदान में उतर रहे हैं तो कई प्रेशर पॉलिटिक्स का खेल दिखा रहे हैं। बीजेपी के लिए इससे पहले भी हरियाणा में अंदरूनी कलह एक चुनौती रही है, अब तो चुनावी मौसम में भी इसने सिर उठाना शुरू कर दिया है।
हरियाणा चुनाव: बागियों की पूरी लिस्ट
इस समय कई दिग्गज नेता नाराज बताए जा रहे हैं, इस लिस्ट में सावित्री जिंदल से लेकर तरुण जैन तक जैसे नाम शामिल हैं। कई ने तो खुलकर पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है तो कोई अभी भी असमंजस में नजर आ रहे हैं। लेकिन बीजेपी के लिए चिंता की बात यह है कि टिकट कटने की वजह से यह सारे नेता नाराज हैं जिसका असर पार्टी के प्रचार पर भी पड़ सकता है। यहां जानिए बागी नेताओं की लिस्ट
सीट | नाराज नेता | फैसला |
हिसार | सावित्री जिंदल | निर्दलीय लड़ सकती हैं, कांग्रेस में जाने की भी अटकलें |
रानियां | रणजीत चौटाला | पार्टी से इस्तीफा, रानियां से चुनाव लड़ने पर अड़े |
रतिया | लक्ष्मण नापा | कांग्रेस ज्वाइन कर ली |
रादौर | कर्णदेव कांबोज | सभी पदों से दिया इस्तीफा |
बरवाला | महंत दर्शन गिरी | चुनाव लड़ने पर अड़े, पार्टी छोड़ी |
चरखी दादरी | सुखविंद्र मांढ़ी | कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पद से इस्तीफा |
अटेली | कुलदीप यादव | दो दिन में आगे का फैसला |
उकलाना | श्मशेर गिल | प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा |
सोनीपत | कविता जैन | फूट-फूट कर रोईं, तीन दिन का अल्टीमेटम |
बवानीखेड़ा | बिशंबर वाल्मीकि | पार्टी छोड़ने के दिए संकेत |
तोशाम | शशिरंजन परमार | भावुक हुए नेता, जल्द लेंगे फैसला |
पृथला | दीपक डागर | 8 सितंबर को आगे का फैसला |
महम | राधा अहलावत | निर्दलीय लड़ने पर विचार |
सफीदों | जसबीर देशवाल | पार्टी से दे दिया इस्तीफा |
गुड़गांव | नवीन गोयल | निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान |
बेरी | अमित अहलावत | समर्थकों के साथ बैठकों का दौर |
कोसली | सुनील राव | पार्टी छोड़ी, निर्दलीय लड़ने का विचार |
रेवाड़ी | सतीश खोला | इस्तीफा दिया, निर्दलीय लड़ने का ऐलान |
इसराना | आशु शेरा | इस्तीफा दिया, कुछ दिनों में फैसला |
समालखा | शशिकांत कौशिक | 8 सितंबर समर्थकों के साथ बैठक |
मुलाना | राजबीर बराड़ा | समर्थकों ने की नारेबाजी |
थानेसर | जयभगवान शर्मा डीडी | निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं |
पिहोवा | कार्यकर्ता नाराज | प्रत्याशी बदलने की मांग पर अड़े |
सांपला किलोई | कृष्णमूर्ति हुड्डा | कार्यकर्ताओं की बैठक, जल्द फैसला |
कहां है कांटे की टक्कर, किन मुद्दों पर जबरदस्त सियासत? हरियाणा चुनाव की हर डिटेल
वैसे इस समय बीजेपी दावा कर रही है कि नाराज नेताओं को मना लिया जाएगा। खुद सीएम नायब सिंह सैनी से लेकर मनोहर लाल खट्टर बागियों को मनाने में लगे हैं। कई नेताओं से मुलाकात की गई है, कई को आश्वासन दिया गया है, देखना यह है कि मनाने की कवायद कितनी सफल रहती है। वैसे इस समय कांग्रेस भी इस सियासी आग में घी डालने का काम कर रही है।
Haryana Election: कांग्रेस की बीजेपी पर चुटकी
कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा ने तो दावा कर दिया है कि बीजेपी के पास अब इतने उम्मीदवार ही नहीं कि वो सीटों पर उतार सके, इस वजह से बाहरी चेहरों पर दांव चलना पड़ रहा है। इस समय सीएम नायाब सिंह सैनी का लाडवा से लड़ना भी विरोधियों को चुटकी लेने का मौका दे गया है। करनाल से जीतने वाले नायाब अब कुरुक्षेत्र से सटी लाडवा से चुनावी मैदान में उतार दिए गए हैं। दुष्यंत चौटाला ने तो सीएम को कटी पतंग तक बता डाला है।