हरियाणा में बीजेपी के विधायक पवन कुमार सैनी 110 किलोमीटर साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे। वह लोगों के बीच यह संदेश देना चाहते थे कि साइकिल स्वास्थ के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी अच्छी होती है। पवन कुमार की उम्र 45 साल है। उनकी विधानसभा सीट कुरुक्षेत्र जिले में पड़ती है। दरअसल, शुक्रवार (26 अगस्त) को हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र का पहला दिन था। उस दिन पवन कुमार साइकिल लेकर चंडीगढ़ में मौजूद विधानसभा पहुंचे। उनके साथ पार्टी के 10 कार्यकर्ता भी अपनी-अपनी साइकिलों पर थे। पीटीआई से बातचीत में पवन ने कहा, ‘हम लोग सुबह 5:20 पर कुरुक्षेत्र से निकले थे। और दोपहर 1:45 पर चंडीगढ़ पहुंच गए। पूरा सफर 110 किलोमीटर का था। विधानसभा पहुंचने पर हमे सुरक्षा अधिकारियों ने रोक लिया था। फिर मैंने उन्हें बताया कि मैं विधायक हूं। फिर मैंने अपने साथ आए 10 लोगों को भी वहां खड़े रहने देने के लिए इजाजत मांगी।’
लदवा से पहली बार विधायक बने पवन ने आगे कहा, ‘साइकिल चलाना सेहत के लिए अच्छा होता है और साथ ही इससे पर्यावरण को भी कम नुकसान पहुंचता है। हमारी बिजी लाइफ में एक्सरसाइज के लिए वक्त निकालना काफी मुश्किल हो गया है। लोग सुबह-सुबह मिलने के लिए घर आ जाते हैं। ऐसे में आप उन्हें यह नहीं कह सकते कि आप एक घंटा कसरत करने के बाद उनसे मिलेंगे। पिछले कुछ महीनों से मेरा ब्लड प्रेशर भी बढ़ने लगा था। इसलिए मैंने साइकिल चलानी शुरू की।’
सैनी ने यह भी कहा कि वह युवाओं को साइकिल के प्रति जागरुक करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र के ज्यादातर बच्चे साइकिल से ही स्कूल जाते हैं। सैनी ने बताया कि वह पर्यावरण को अच्छा बनाने के लिए हर बच्चे के जन्मदिन पर उन्हें एक पेड़ भी गिफ्ट करते हैं।
